बिजली की दरों के विरोध में व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

punjabkesari.in Wednesday, Dec 06, 2017 - 05:23 PM (IST)

सहारनपुर: प्रदेश में हाल में बेतहाशा बढ़ाई गई बिजली की दरों के विरोध में व्यापारियों ने मोर्चा खोल दिया है। इस संबंध में भारतीय संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।

इस अवसर पर व्यापारियों को संबोधित करते हुए व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष आशीष वैश्य ने कहा कि उ.प्र. के व्यापारी व आमजन की हालत नोटबंदी व जी.एस.टी. के कारण पहले ही खराब थी। ऐसे में विद्युत दरों में बेतहाशा वृद्धि करना पूर्णत: अव्यवहारिक है। इससे लगता है कि सरकार व्यापारियों को पूरी तरह तबाह करना चाहती है।

जिला महामंत्री सचिन गुप्ता, युवा जिलाध्यक्ष दानिश काजमी, महिला मंडल अध्यक्ष ममता सिंघल ने बताया कि प्रति यूनिट बिजली दर 350 से बढ़ाकर श्रेणीबद्ध तरीके से 8 से 10 रुपए कर दी गई है जो सरासर अन्याय है। ज्ञापन देने वालों में गिरी राज वर्मा, अलंकार किशोर, अब्दुल सलाम, विजय गुप्ता, ऐशाली चौहान, अशोक वर्मा, गगन अरोड़ा, राजेश वर्मा, अनामिका शर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी सम्मिलित थे।