आगरा में दर्दनाक हादसा: बेटी को ट्रेन में बैठाने के बाद पिता का पैर ट्रैक में फंसा, ऊपर से गुजरी ट्रेन
punjabkesari.in Sunday, Nov 05, 2023 - 03:20 PM (IST)
आगराः ताजनगरी आगरा में रेलवे ट्रैक पर बहुत ही दर्दनाक हादसा हो गया है। जहां अपनी बेटी को राजा की मंडी स्टेशन छोड़ने गए पिता का रेलवे ट्रैक पर पैर फंस गया। जिसकी वजह से वह पटरी पर गिर गए। उनके ऊपर से एक ट्रेन गुजर गई। ट्रेन की चपेट में आने से उनका शरीर 2 हिस्सों में बंट गया। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर जीआरपी और आरपीएफ टीमें मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया।
डाॅ. लाखन सिंह गालव शहर के जाने माने वरिष्ठ लेप्रोस्कोपिक सर्जन थे। वह गैलाना रोड पर अशोक अस्पताल के पास रहते थे। उनका क्लीनिक आरबीएस डिग्री काॅलेज , बंगलियान क्वार्टर के पास कालोनी में था। वह एक निजी हाॅस्पिटल में सेवाएं दे रहे थे। डाॅ. लाखन सिंह गालव की बेटी केजीएमयू लखनऊ में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। रविवार सुबह साढ़े छह बजे डाॅ. लाखन सिंह गालव अपनी बेटी को लखनऊ के लिए ट्रेन में बैठाने राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर गए थे। बेटी को ट्रेन में बैठाने के बाद उनका पैर रेलवे ट्रैक पर फंस गया। पैर फंसते ही वह गिर गए। इस दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गए। इससे उनका शरीर दो हिस्सों बंट गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। डाॅ. लाखन सिंह गालव का शव रेलवे ट्रैक से हटाया गया। इसके बाद परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। डाॅ. लाखन सिंह गालव का शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया।