होली के अवसर पर परिवहन निगम अतिरिक्त बसें चलाएगा

punjabkesari.in Sunday, Mar 17, 2019 - 12:19 PM (IST)

 

प्रयागराजः प्रेम, एकता और सौहार्द के पर्व होली पर यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम ने प्रयागराज से दिल्ली समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए अतिरिक्त बसों के संचालन करने का निर्णय लिया है। प्रयागराज में परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक तरुण बिसेन ने शनिवार को बताया कि होली के पर्व पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए निगम ने 17 मार्च से 24 मार्च तक प्रयागराज के सिविल लाइंस, जीरो रोड, लीडर रोड समेत प्रतापगढ़, लालगंज तथा बादशाहपुर से 148 बसों की सेवाएं देने का फैसला किया है।

बिसेन ने बताया कि प्रयागराज से दिल्ली, लखनऊ, आगरा, कानपुर, फैजाबाद और गोरखपुर मार्ग पर यात्रियों को बस सेवा दी जायेगी। उन्होंने बताया कि सिविल लाइंस बस अड्डे से गोरखपुर के लिए 15, प्रयाग डिपो से दिल्ली के लिए आठ, लखनऊ के लिये 25 और फैजाबाद के लिए 10 बसें चलायी जायेंगी। वहीं, जीरो रोड से दिल्ली के लिए आठ, आगरा के लिए दो और गोरखपुर के लिए छह बसों का संचालन होगा। बिसेन ने बताया कि इसी प्रकार लीडर रोड डिपो से दिल्ली के लिए आठ, आगरा के लिये आठ और कानपुर के लिये 10 बसें चलेंगी जबकि प्रतापगढ़ डिपो से दिल्ली के लिए सात, कानपुर के लिये 10 और लखनऊ एवं फैजाबाद के लिए पांच-पांच बसें चलाई जायेंगी।

उन्होंने बताया कि इसी प्रकार लालगंज डिपो से दिल्ली के लिए पांच, कानपुर के लिए चार और लखनऊ के लिए चार बसें चलाई जायेंगी। बादशाहपुर डिपो से दिल्ली के लिए चार और गोरखपुर के लिए चार बसें यात्रियों की सुविधा के लिए चलेंगी। बसें तय समय से चलें इसके लिए सभी बस अड्डों पर पर्यवेक्षक और कर्मचारियों को तैनात किया जायेगा। बिसेन ने बताया कि होली पर्व के अवसर पर परिवहन निगम की आय में वृद्धि लाने के लिए बसों की औचक जांच भी होगी।
 

Tamanna Bhardwaj