झांसी में बड़े पैमाने पर होगा वृक्षारोपण: 2 करोड़ 80 लाख से अधिक पौधारोपण का लक्ष्य, तैयारियों में जुटा वन विभाग

punjabkesari.in Monday, Jul 03, 2023 - 06:28 PM (IST)

Jhansi News: उत्तर प्रदेश में वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत बुंदेलखंड क्षेत्र के झांसी मंडल का वन विभाग इन दिनों बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण के लिए तैयारियों में जुटा है। इस बार झांसी मंडल में 2 करोड 80 लाख 18 हजार 115 वृक्षों का रोपण वन विभाग और अन्य विभागों को मिलकर करना है अैर इसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।

'पूरे मंडल में 2 करोड़ 80 लाख से अधिक पौधारोपण का लक्ष्य है'
वन संरक्षण बुंदेलखंड वृत्त कैलाश प्रकाश ने सोमवार को बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप झांसी मंडल को मिले लक्ष्य के तहत वन विभाग तथा अन्य विभागों में तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। पूरे मंडल में तकरीबन दो करोड़ 80 लाख से अधिक पौधारोपण का लक्ष्य है। इन पौधों की आपूर्ति नि:शुल्क वन विभाग द्वारा की जायेगी। वन विभाग की विभिन्न नर्सरियों में इसके लिए तैयारियां लंबे समय से चल रहीं थीं और विभिन्न विभागों ने पौधे नसरिर्यों से ले भी लिए हैं। जैसे ही सरकार की ओर तिथि को घोषित की जाएगी वृक्षारोपण का काम शुरू कर दिया जायेगा।



'औषधीय पौधे लगाकर बनाया जायेगा आयुष वन'
कैलाश प्रकाश  ने आगे बताया कि इस बार शहरों में नंदनवन और गांवों मे ग्राम वन और आयुष वन बनाए जा रहे हैं। आयुष वन गांवों में वन विभाग की जमीन पर बनाए जा रहे हैं। औषधीय पौधे लगाकर आयुष वन बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि वन विभाग दिये गये लक्ष्य को पूरा करने के लिए तैयार है लेकिन इस मुहिम से लोगों का जुड़ना बेहद जरूरी है। वन विभाग इसके लिए एक सो सात जुलाई के बीच मनाये जा रहे वन महोत्सव के दौरान जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं ताकि रोपे गए पौधों के सरंक्षण का संकल्प सभी लोग लें। रोपें गए पौधों और लगाए गए बीजों को पनपने और कुछ बड़ा होने तक पूरे संरक्षण की जरूरत होती है।

अगर आमजन इस व अभियान से जुड़ें तो रोपे गए पौधों के नष्ट होने की दर काफी हद तक कम की जा सकती है। सभी को यह समझना होगा कि वृक्षारोपण हमारे कारण पर्यावरण को हुए नुकसान को देखते हुए हर एक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। सरकार अपनी ओर से प्रयास कर रही है। सरकार ने 27 विभागों को इस अभियान से पहले ही जोड दिया है जो सभी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। लेकिन अगरआम आदमी अपनी जिम्मेदारी को नहीं निभाता है तो पौधों को बचाना मुश्किल हो जाता है। सभी से अनुरोध है कि वह इस मुहिम के सक्रिय भागीदार बनकर इसे सफल बनायें।



इन जगहों पर लगाए जाएंगे पौधे:-
गौरतलब है कि झांसी मंडल में जो दो करोड़ से अधिक पौधे लगाने का इस बार का लक्ष्य है, उसमें जालौन में वन विभाग को 211 जगहों पर 51,56,000 पौधे रोपने हैं तो अन्य विभागों को 211 जगहों पर 42,06,440 पौधा रोपण करना है। झांसी जिले में वन विभाग 167 जगहों पर 52,97,800 और अन्य विभाग 45,66,183 पौधे लगायेंगे। ललितपुर जिले में वन विभाग को 41,76,400 पौघे 170 जगहों पर और अन्य विभागों को 46,15,292 पौधे लगाने हैं। 

Content Editor

Harman Kaur