नई दिल्ली से सेमी हाईस्पीड ‘ट्रेन 18’ पहुंची प्रयागराज

punjabkesari.in Saturday, Dec 29, 2018 - 02:36 PM (IST)

प्रयागराजः भारत की सबसे तेज ट्रेन में शुमार ‘ट्रेन 18’ का ट्रायल अब नई दिल्ली से प्रयागराज के बीच हो रहा है। दिल्ली से चलकर ‘ट्रेन 18’ शनिवार सुबह आधे घंटे की देरी से प्रयागराज जंक्शन पहुंची। वहीं कानपुर से प्रयागराज तक का करीब 200 किलोमीटर का सफर ट्रेन ने महज 2 घंटे में तय किया। अब यह ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना हो जाएगी।

इलाहाबाद मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि, ‘ट्रेन 18’ को पहले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर को चलाने की योजना था, लेकिन ट्रेन का ट्रायल नहीं हो सकने के कारण इसे टाल दिया गया। जिसके चलते अब 29 दिसंबर को इसका ट्रायल किया गया। उन्होंने बताया कि ‘ट्रेन 18’ दिल्ली से रात 00:55 बजे रवाना हुई और प्रयागराज स्टेशन पर निर्धारित समय 7:20 बजे के बजाय 7:48 बजे पहुंची।

ट्रेन प्रयागराज जंक्शन से दोपहर 2:00 बजे रवाना होकर 3:58 पर कानपुर सेन्ट्रल सटेशन पर पहुंचेगी। 2 मिनट का स्टापेज देने के बाद ट्रेन 4:00 बजे रवाना होगी और रात 8:25 पर नई दिल्ली स्टेशन पर पहुंचेगी। दिल्ली से आते समय ट्रेन कानपुर सेन्ट्रल स्टेशन पर 2 मिनट का ठहराव दिया गया है। उन्होंने बताया कि सफल ट्रायल होने के बाद ट्रेन काे चलाने की घोषणा होगी।

100 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है ‘ट्रेन 18’ निर्माण
आईसीएफ चेन्नई ने ‘ट्रेन 18’ का निर्माण 100 करोड़ रुपये की लागत से किया है। दिल्ली-राजधानी मार्ग के एक खंड पर प्रायोगिक परीक्षण के दौरान इसकी रफ्तार 180 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक रही। इस ट्रेन में 2 विशेष डिब्बे होंगे जिसमें 52-52 सीटें होंगी और शेष डिब्बों में 78-78 सीटें होंगी। इतना ही नहीं ट्रेन 18 में यात्रियों को वाईफाई, जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली, मॉड्यूलर बायो वैक्यूम टॉयलेट, एलईडी लाइटिंग, मोबाइल चार्जिग प्वाइंट और तापमान नियंत्रण प्रणाली की सुविधा दी गई है।

 

Deepika Rajput