विधानसभा में दी गई मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि, राजनीति में नेताजी का दीर्घ योगदान रहा - CM योगी

punjabkesari.in Monday, Dec 05, 2022 - 07:11 PM (IST)

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा में सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। उसके बाद सदन के सभी सदस्यों ने कुछ पल का मौन भी रखा। मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए CM योगी ने कहा कि उनका निधन हम सभी के लिए दुखद है। उनके निधन से भारतीय राजनीति के एक संघर्षशील युग का अंत हो गया। भारत की राजनीति में मुलायम सिंह यादव का एक दीर्घ अनुभव और योगदान रहा है।

CM योगी विधानसभा में याद किया याद
उत्तर प्रदेश विधानसभा में सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। पूर्वाह्न 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, ''उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व देश के पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव का गत 10 अक्टूबर को लगभग 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका निधन हम सभी के लिए दुखद है। उनके निधन से भारतीय राजनीति के एक संघर्षशील युग का अंत हो गया।

राजनीति में दीर्घ योगदान
CM योगी ने कहा कि भारत की राजनीति में मुलायम सिंह यादव का एक दीर्घ अनुभव और योगदान रहा है। वह साधारण परिवेश से आए जमीन से जुड़े नेता थे। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में उनकी उपलब्धियां असाधारण रही हैं।'' उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने एक शिक्षक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की और कर्पूरी ठाकुर तथा राजनारायण के संपर्क में आने बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा। सबसे पहले 1967 में और उसके बाद 1974, 1977, 1985, 1989, 1991, 1993, 1996, 2004 और 2007 में वह कुल 10 बार उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य बने। वह 1989 1993 और 2003 में प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। वह 1996, 1998, 1999, 2004, 2009, 2014 और 2019 में लोकसभा के भी सदस्य रहे। वह 1996 से 1998 तक देश के रक्षा मंत्री भी रहे।

उपचुनाव के वजह से सपा प्रमुख नहीं हो सके शामिल
मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आज हो रहे मतदान की वजह से मुलायम सिंह यादव के बेटे व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा पार्टी विधायक शिवपाल सिंह यादव सदन में मौजूद नहीं थे। गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का 10 अक्टूबर, 2022 को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था। वह 83 वर्ष के थे। विधानसभा में सपा के मुख्य सचेतक मनोज पांडे ने कहा, ''मुलायम सिंह यादव के निधन से समाजवाद के एक युग का अंत हो गया। उनका निधन हम सभी के लिए अत्यंत दुखद है। नेताजी का व्यक्तित्व बहुमुखी, असाधारण और विराट था। समाजवादी विचारधारा के महान नेताओं ने जिस समाजवादी चिंतन और राजनीति की नींव रखी थी उसे मुलायम सिंह यादव ने आगे बढ़ाने और उसे और भी ज्यादा मजबूत करने का काम किया।'' उन्होंने कहा मुलायम सिंह यादव ने एक संवेदनशील जनप्रतिनिधि के रूप में जनता के कल्याण और प्रदेश के विकास के लिए काम किया।

सभी दलों ने किया नमन
अपना दल के नेता आशीष पटेल ने मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, ‘‘उनके निधन से आज पूरा सदन शोकाकुल है। उनके निधन से भारतीय राजनीति और समाजवादी विचारधारा में एक शून्यता का भाव हम सब महसूस कर रहे हैं। राष्ट्रीय लोकदल के नेता अजय कुमार ने कहा, ‘‘संघर्षशील मृदुभाषी और समाजवादी राजनीति और विरासत को आगे बढ़ाने वाले बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद आज हम सभी दुखी मन से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए यहां उपस्थित हैं। उनका निधन किसी पार्टी विशेष नहीं बल्कि सभी दलों के नेताओं के लिए दुखद है। निषाद पार्टी सदस्य संजय निषाद ने भी मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका निधन प्रदेश और देश की राजनीति में एक दुखद घटना है। उनका निधन सभी के लिए दुखद है। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव सरल, विनम्र और जमीन से जुड़े जनप्रिय किसान नेता थे। इसके अलावा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के नेता ओमप्रकाश राजभर, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के नेता रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया, बहुजन समाज पार्टी के सदस्य उमाशंकर सिंह, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष माता प्रसाद पांडे और सपा सदस्य महबूब अली ने भी मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prashant Tiwari

Recommended News

Related News

static