सड़क पर खड़े ट्रैक्टर ट्राली में जा घुसी तेज रफ्तार बाइक, सगे भाइयों समेत 3 ने गंवाई जान

punjabkesari.in Friday, Nov 17, 2017 - 10:41 AM (IST)

उन्नावः उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 2 सगे भाइयों सहित 3 लोगों की मौत हो गई। घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों को हुई तो घर में मातम छा गया।

दरअसल घटना एक्सप्रेस वे के सर्विस लेन की है। जहां बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव सहसराय निवासी राम अवतार व उनके बड़े भाई रामाधार अपने भांजे चंद्रपाल एक बाइक से बांगरमऊ गए थे। शाम तीनो एक ही बाइक से घर वापस लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर रास्ते में खराब खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मारते हुए अंदर घुस गई।

इस भीषण टक्कर में बाइक सवार दोनों भाई व भांजा की दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि ट्राली बीते कई दिनों से आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे के सर्विस लेन पर खड़ी है। परंतु इसे हटाने का प्रयास नहीं किया गया।

वहीं सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को सूचना मिलते ही वह घटनास्थल की तरफ भागे। मृतक राम अवतार के 3 लड़कियां और 1 लड़का है। जबकि दूसरे भाई राम आधार के 2 विकलांग पुत्रियां तथा 1 पुत्र है। मृतक चन्द्रपाल के छोटे छोटे 4 बच्चे हैं।एक ही परिवार में 2 सगे भाइयो समेत 3 मौतों से पुरा परिवार में कोहराम छा गया है।