फर्रुखाबाद: रेप आरोपी की इस हरकत से तंग आई किशोरी ने उठाया दिल दहला देने वाला कदम

punjabkesari.in Thursday, Nov 17, 2022 - 12:02 PM (IST)

फर्रुखाबाद(दिलीप कटियार): उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां आरोपी के धमकाने पर एक दुष्कर्म पीड़िता किशोरी ने खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। किशोरी को गंभीर हालत में नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां पर उसका इलाज चल रहा है। पुलिस की ओर से कार्रवाई ना किए जाने पर परिजनों ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया है। जिसमें उन्होंने बताया कि किशोरी के इलाज में 11 दिनों के भीतर लगभग 2 लाख रुपए खर्च हो गए हैं।

एक साल पहले किशोरी से 2 युवकों ने किया था रेप
जानकारी मुताबिक फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी ने मंगलवार को एसपी अशोक कुमार मीणा को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें आरोप लगाया कि 16 वर्षीय पुत्री के साथ एक वर्ष पहले गांव के ही 2 युवकों ने दुष्कर्म किया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेजा था। दोनों आरोपी कोर्ट से जमानत पर छूट गए। एक आरोपी पुत्री से जबरन शादी करने का दबाव बना रहा था और दूसरी जगह शादी करने पर धमकी देता है।

किशोरी ने खुद पर डीजल डाल लगाई आग
बताया जा रहा है कि आरोपी की इसी हरकत से तंग आकर  4 नवंबर को किशोरी ने खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। उसे गंभीर हालत में लोहिया में भर्ती कराया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे सैफई के लिए रेफर कर दिया। सैफई में सही उपचार ना मिलने पर उसे शहर के मछेनी स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के मुताबिक कोतवाली में इस संबंध में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीण ने एसपी से पुत्री को आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। एसपी अशोक कुमार मीणा इस मामले को दबाने में जुटे हुए हैं और मीडिया को कुछ भी बताने से बच रहे हैं।

Content Editor

Anil Kapoor