100 करोड़ के खर्च पर ताज का दीदार करेंगे ट्रंप, 7 हैलीकॉप्टर आसमान से रखेंगे नजर

punjabkesari.in Sunday, Feb 23, 2020 - 11:30 AM (IST)

आगराः अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ताज दीदार पर 100 करोड़ रुपए से ज्यादा का खर्च आएगा। इसमें 70 फीसदी खर्च सुरक्षा व्यवस्था पर होगा। शेष खर्च आवास से लेकर अन्य व्यवस्थाओं पर होगा। सुरक्षा की दृष्टि से 14 किलोमीटर लंबे रास्ते में 10,000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया जा रहा है।

ट्रंप के आने से पहले अमरीकी दल के 400 सदस्य आगरा पहुंच चुके हैं। इनके आने-जाने के लिए परिवहन की व्यवस्था प्रदेश सरकार द्वारा की गई है। 8 दिनों के लिए आरक्षित किए गए होटल के कमरों और खानपान पर लगभग 8 करोड़ रुपए का खर्च आएगा।

एयरफोर्स वन का एक घंटे का खर्च 70 लाख रुपए अमरीकी राष्ट्रपति के विमान एयरफोर्स वन का एक घंटे का खर्च 70 लाख रुपए है। वह यहां लगभग अढ़ाई घंटे रुकेंगे। इस पर 1.75 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। 2 कार्गो विमान एक दिन पहले आ जाएंगे। एक विमान का 4 घंटों का खर्च 30 लाख रुपए होगा। इन पर लगभग अढ़ाई करोड़ का खर्च आएगा। इसके अलावा ट्रंप के साथ 2 विशेष विमान और आएंगे।

उनका भी खर्च लगभग 2 करोड़ आएगा। वैसे तो ट्रंप सड़क मार्ग से ताजमहल देखने जाएंगे लेकिन अमरीका के 7 हैलीकॉप्टर आसमान से उनकी निगरानी करेंगे। इस पर भी कई करोड़ का खर्च आएगा। वहीं प्रदेश सरकार 14 किलोमीटर लंबे इस वी.वी.आई.पी. मार्ग पर नई सड़कें बनाने, सौंदर्यीकरण करने, रंगाई-पुताई, सुरक्षा के जवानों की तैनाती करने के अलावा अन्य कार्यों पर लगभग 16 करोड़ रुपए खर्च कर रही है। पुरातत्व विभाग द्वारा ताजमहल में लगभग 3 करोड़ रुपए से अतिरिक्त कार्य कराए जा रहे हैं।
    

Tamanna Bhardwaj