ढाई लाख के इनामी बसपा नेता अखंड प्रताप सिंह ने गैंगस्टर कोर्ट में किया सरेंडर

punjabkesari.in Thursday, Dec 12, 2019 - 05:56 PM (IST)

आज़मगढ़: पुलिस के नाक में दम करने वाले ढाई लाख के इनामी बसपा नेता अखंड प्रताप सिंह ने गुरुवार को गैंगस्टर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। जिले की पुलिस के लिए यह बहुत बड़ी चुनौती थी की अखंड प्रताप सिंह को पकड़े इसके लिए पुलिस लगातार दबिश भी दे रही थी। पुलिस की मेहनत रंग लाई और बसपा नेता को सरेंडर करना पड़ा।

बता दें कि अखंड सिंह के खिलाफ 36 से ज़्यादा हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी जैसे संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वह 2017 अतरौलिया विधानसभा सीट से बसपा प्रत्याशी भी रहा है। अखंड चुनाव में पैरोल पर छूटा था और तभी से फरार चल रहा था। अपराधी अखंड प्रताप सिंह ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंचर कर दिया। सरेंडर करने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में कोर्ट के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

बताते चलें कि तरवा थाना क्षेत्र के जमुआ गांव के रहने वाले अपराधी अखंड प्रताप सिंह ने वर्ष 2013 में 11 मई को ट्रांसपोर्टर धनराज यादव की गोली मार कर हत्या कर दी थी। इसके साथ ही करीब तीन दर्जन गंभीर अपराध करने के बाद वह तरवां ब्लाक के प्रमुख बने थे। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में बसपा से अतरौलिया विधानसभा से प्रत्याशी भी रह चुके हैं। आपराधिक मामलों में फरार चल रहे अखंड प्रताप सिंह के घर इसी वर्ष नवम्बर में कुर्की की नोटिस भी चस्पा की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने अखंड प्रताप सिंह के पर ढाई लाख का ईनाम घोषित कर दिया था।

एसपी प्रोफेसर त्रिवेणी सिंह ने बताया कि अखंड प्रताप सिंह पिछले डेढ़ साल से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी को लेकर उसके करीबियों आदि के यहां रेड मार रही थी। मगर कोई सफलता नहीं मिल रही थी। यही नहीं मामले में अखंड प्रताप सिंह के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की गई थी। उसके खिलाफ पहले एक लाख रुपये का ईनाम घोषित था, हाल ही में उसकी गिरफ्तारी पर ईनाम बढ़ाकर ढाई लाख रुपये कर दिया गया था।

 

 

Ajay kumar