शाह का राहुल पर पलटवार, कहा- ढाई साल के हिसाब लेने से पहले 60 साल का हिसाब दें राहुल

punjabkesari.in Friday, Feb 17, 2017 - 03:04 PM (IST)

अमेठी:भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि राहुल बाबा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ढाई साल के कार्यकाल का हिसाब मांगने से पहले उन्हें कांग्रेस के पिछले 60 सालों का हिसाब देना चाहिए।

कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनाव हार रहे अखिलेश
भाजपा के स्टार प्रचारक शाह ने अमेठी के रामलीला मैदान में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि राहुल बाबा आपको यह पता होना चाहिए कि 2017 में यूपी विधानसभा का चुनाव हो रहा है। वर्ष 2019 में जब लोकसभा का चुनाव होगा तब मोदी देश की जनता को पाई पाई का हिसाब देंगे। उन्होंने सपा और कांग्रेस के गठजोड़ को बेमेल बताते हुए कहा यह दो शहजादों का मेल है न कि विचारधारा का, इससे प्रदेश का विकास नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने राहुल गांधी के साथ गठबंधन कर यह साबित कर दिया कि वह चुनाव हार रहे है। प्रदेश में अगर उनका काम बोलता है तो गठबन्धन करने की नौबत ही नहीं आती। पश्चिम से भाजपा के पक्ष में चली लहर जैसे जैसे पूर्व की तरफ बढ़ रही है उसमें और तीव्रता बढ़ती जा रही है।

उत्तर प्रदेश की जनता 2 शहजादों के कारनामों से तंग
शाह ने कहा कि 10 साल की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के काले कारनामों को देश की जनता ने देखा है जब 12 लाख करोड़ रुपए का घोटाला किया था। कांग्रेस के कारनामो से तंग आकर ही जनता ने केन्द्र में भाजपा को स्पष्ट बहुमत दिया था। उत्तर प्रदेश की जनता 2 शहजादों के कारनामों से तंग आकर प्रदेश में कमल खिलाने जा रही है और भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। शाह के मंच से अमेठी से भाजपा की प्रत्याशी रानी गरिमा सिंह ने अवधी भाषा में संक्षिप्त संबोधन में कहा कि ‘21 साल से हम न्याय बिना भटकत बाटी, हमका कतहू से न्याय न मिला अबकी बार भाजपा हमका टिकट देहे बा और तोहरे सबके हाथे में हमका न्याय देय के शक्ति बा, हमरे अचरा में 27 तारीख का इतना कमल का फूल डाय देत जा कि हमका न्याय मिल जाय।