इटावा: आगरा-कानपुर हाईवे से नीचे गिरी रोडवेज बस, 2 की मौत, 10 घायल

punjabkesari.in Thursday, May 17, 2018 - 12:30 PM (IST)

इटावाः उत्तर प्रदेश में इटावा के जसवंतनगर इलाके में बुड़ैला गांव के पास आगरा-कानपुर हाईवे से आज तड़के फजलगंज डिपो की यूपी रोडवेज बस के नीचे गिरने से 2 यात्रियों की मौत हो गई और 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

इटावा के उप जिलाधिकारी सिद्धार्थ ने बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए मुख्यालय के डॉ. भीमराव अांबेडकर राजकीय सयुक्त चिकित्सालय मे भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका सधनता से उपचार करने में लगी हुई है। घटनास्थल पर बड़ी तादाद में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए हैं। जिन्होंने हताहतों को मुख्यालय के डॉक्टर भीमराव अांबेडकर संयुक्त चिकित्सालय में दाखिल करा दिया है।

उन्होंने बताया कि बस आगरा से कानपुर जा रही थी। बस में यात्रियों का सामान भरा हुआ है इस लिहाज से सुरक्षात्मक तौर पर मौके पर पुलिस एवं प्रशासनिक अफसरों की तैनाती की हुई है। मृतक महिला सुमन पांडे (46) नेहरूनगर,अकबरपुर कानपुर देहात की रहने वाली है और एक अज्ञात करीब 28 वर्षीय व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पाई है।  
 

Deepika Rajput