बलिया में करंट लगने से मजदूर समेत दो लोगों की मौत, परिवार में मचा कोहराम

punjabkesari.in Monday, Nov 07, 2022 - 11:40 PM (IST)

बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के दो थाना क्षेत्रों में अलग-अलग घटनाओं में करंट की चपेट में आने से एक मजदूर समेत दो लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, जिले के बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार की रात टी.डी. कॉलेज से छात्रसंघ का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे एक दावेदार का होर्डिंग लगाते समय लोहे की छड़ में प्रवाहित बिजली के करंट से झुलस कर यश सिंह (21) की मौत हो गई। सुखपुरा हिसं के अनुसार इलाके के आसन गांव के युवक की मौत की जानकारी होते ही मातम पसर गया।

दो भाईयों में बड़ा यश मेरठ में बी-टेक अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। लोगों का कहना है कि उसका कैम्पस सेलेक्शन भी हो चुका था। इसी बीच छठ पर्व पर वह कुछ दिनों पहले गांव आ गया। अगले कुछ दिनों में उसे वापस लौटना था। इसी बीच रविवार की रात उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद परिवार के लोग बिलख रहे हैं। उधर, उभांव थाना क्षेत्र के खंदवा गांव में सोमवार की सुबह करंट लगने से मजदूर अशोक कुमार (35) की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Content Writer

Mamta Yadav