अखिलेश कभी सत्ता में नहीं आएंगे, दिग्‍विजय जैसा होगा हाल: उमा भारती

punjabkesari.in Monday, Dec 12, 2016 - 12:54 PM (IST)

झांसी: केंद्रीय जल संसाधन मंत्री एवं भाजपा की फायर ब्रांड नेता उमा भारती रविवार को झांसी में युवा सम्मेलन को संबोधित करने पहुंची थी। यहां पर उन्होंने सपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उमा भारती ने कहा कि अब सीएम अखिलेश यादव कभी भी सत्ता में नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश का मध्यप्रदेश जैसा हाल होगा, जैसा दिग्विजय सिंह का हुआ था।

मायावती पर साधा निशाना
बसपा सुप्रीमो पर निशाना साधते हुए उमा भारती ने कहा कि मायावती का हाल भी अखिलेश यादव जैसा होगा। लोग मजबूरी के कारण सपा-बसपा के साथ घूमते रहे। उन्होंने कहा कि मायावती कानों में हीरे पहनती हैं, ये बात गलत नहीं, लेकिन मायावती से पूछना कि जिन पैसों से उन्होंने ये खरीदें हैं क्या वो मेहनत की कमाई है?

PM ला रहे हैं देश में परिवर्तन
उमा भारती ने पीएम की तारीफ करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी देश में मूलभूत परिवर्तन ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता और भाजपा के बीच एग्रीमेंट है कि आप सत्ता बदलेंगे और हम उत्तर प्रदेश को बदलेंगे। भारती ने कहा कि पीएम मोदी वाराणसी में टैक्सटाइल्स इंडस्ट्री लगवाना चाहते थे, लेकिन उन्हें इसके लिए जमीन नहीं मिल पाई।

नोटबंदी पर क्या कहा उमा भारती ने?
केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने कहा कि सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह पहले ही कम बोल पाते थे। अब नोटबंदी के बाद और फुसफुसाने लगे हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के दो मुंह सामने आए, एक विदेश में था और एक देश में। पहले जो नेता सूखी रोटी खाते थे, अब एसी में कैसे रहने लगे। इससे यह बात साफ होती है कि एक काला नाग का मुंह विदेश में और एक ब्‍लैक मनी के रूप में भारत में था।

UP Political News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें