उमेश पाल के परिवार का ऐलान- जब तक नहीं मिलेगा न्याय तब तक नहीं करेंगे उमेश की तेरहवीं

punjabkesari.in Friday, Mar 10, 2023 - 11:05 AM (IST)

प्रयागराज: बहुचर्चित उमेश पाल हत्याकांड को लेकर पुलिस एक्शन मोड पर है। आरोपियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई हो रही है। गुरुवार को उमेश की आत्म की शांति के लिए परिवार वालों ने शांति पाठ किया। उमेश की मां शांति पाल ने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक तेरहवीं नहीं होगी। पाठ के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री समेत तमाम लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और ढांढस बंधाया।

वहीं उमेश के परिजन पुलिस और प्रशासन की ओर से हुई कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है, जिसको लेकर उनके मन में रोष व्याप्त है। घरवालों ने तेरहवें दिन शांति पाठ का आयोजन किया। इसके तहत उन्होंने मृत उमेश पाल की तस्वीर रखकर विधि विधान से शांति पाठ करवाया। इस दौरान उमेश के घर पुलिस का कड़ा पहरा था, हर आने जाने वाले शख्स पर नजर रखी जा रही थी। शांति पाठ में परिवार के अलावा तमाम रिश्तेदार भी शामिल हुए।

उमेश की मां कहना है कि तेरहवें दिन परिवार के साथ शांति पाठ कराया गया है, जिसके बारे में समाज को नहीं बताया गया है। 13 को सामाजिक रूप से उमेश और उनके सुरक्षाकर्मियों की मौत पर शांति के लिए कार्यक्रम किया जाएगा। जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक तेरहवीं नहीं की जाएगी। मास्टरमाइंड समेत सभी अपराधी मारे जाएंगे, तभी संतुष्टि मिलेगी।

शांति पाठ में शामिल हुए केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने एनकाउंटर के सवाल पर कहा कि पुलिस आत्मसुरक्षा में गोली चलाती है। पुलिस प्रशिक्षित होती है। अगर कोई पुलिस को जान से मारने की नीयत से कोई भी फायर करता है तो वह जवाबी फायरिंग में जान से मारा जा सकता है।

Content Writer

Tamanna Bhardwaj