भतीजे के इंतजार में चाचा शिवपाल, बोले- सपा से गठबंधन उनकी पहली प्राथमिकता

punjabkesari.in Saturday, Oct 02, 2021 - 11:16 AM (IST)

लखनऊ: प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) संस्थापक शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Election) में गठबंधन के लिए उनकी पार्टी 11 अक्टूबर तक समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के जवाब का इंतजार करेगी। प्रदेश कार्यकारिणी, जिला-महानगर अध्यक्षों व मंडल प्रभारियों की एक दिवसीय संयुक्त बैठक में यादव ने शुक्रवार को कहा कि समाजवादी पार्टी को उन्होंने सदैव गठबंधन के लिए अपनी पहली प्राथमिकता माना है, लेकिन अब इंतजार की सीमा खत्म हो रही है। आगामी 11 अक्टूबर तक उन्हें समाजवादी पार्टी के प्रतिउत्तर का इंतजार रहेगा। इसके बाद प्रसपा समस्त उपलब्ध विकल्पों पर विचार करेगी।
PunjabKesari
उन्होंने 12 अक्टूबर से शुरू हो रही सामाजिक परिवर्तन रथ यात्रा के माध्यम से चुनावी शंखनाद की घोषणा करते हुये कहा कि सात चरणों में सम्पन्न होने वाली यह रथ प्रसपा का संदेश लेकर प्रदेश के समस्त 75 जिलों में भ्रमण करेगी। शिवपाल यादव ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से प्रदेश की समस्त सीटों पर चुनाव के लिए तैयारी करने का आह्वान किया।
PunjabKesari
शिवपाल ने कहा कि प्रसपा कार्यकर्ताओं को यह विश्वास दिलाती है कि उनके सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने गांव, गरीब, किसान, पिछड़े, दलित, व्यवसायी, मध्यवर्ग और युवाओं को सिर्फ छला है। सरकार शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान, रोजगार और इलाज उपलब्ध करा पाने में पूर्णतया नाकामयाब रही है। बेटियों को सुरक्षा और न्याय न दे पाने की वजह से जनता में सरकार के खिलाफ बहुत गुस्सा है।

करीब साढ़े चार घंटे चली बैठक का संचालन प्रदेश प्रमुख महासचिव अभिषेक सिंह‘आशू'ने किया । बैठक में पूर्व मंत्री शिव कुमार बेरिया, पूर्व मंत्री शादाब फातिमा, पूर्व मंत्री शारदा प्रताप शुक्ला, पूर्व राज्य सभा सांसद वीरपाल यादव, पूर्व सांसद और विधायक रघुराज सिंह शाक्य, पूर्व मंत्री जय प्रकाश यादव, पूर्व मंत्री जगवीर सिंह गुर्जर और प्रदेश अध्यक्ष सुंदरलाल लोधी, राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव, मुख्य प्रवक्ता दीपक मिश्रा, वरिष्ठ समाजवादी रिछपाल चौधरी ने अपने विचार रखे।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tamanna Bhardwaj

Recommended News

Related News

static