योगी सरकार में UP की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार, सड़क से हवाई नेटवर्क तक हुआ विस्तार

punjabkesari.in Thursday, Oct 29, 2026 - 04:15 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि 2017 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने के बाद राज्य में सड़क, रेल, मेट्रो और हवाई संपर्क का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है, जिससे विकास, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नयी गति मिली है। आदित्यनाथ ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क केवल दूरियां नहीं घटाते बल्कि ये सुविधा, समय की बचत और समृद्धि की नयी संभावनाएं लेकर आते हैं लेकिन वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में विकास की इन जीवन रेखाओं की स्थिति अत्यंत दयनीय थी।

मुख्यमंत्री ने पोस्ट में कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन में 'डबल इंजन' सरकार ने रफ्तार, पैमाना और संपर्क के मंत्र से इस तस्वीर को बदला है।'' उन्होंने कहा कि भाजपा की 'डबल इंजन' सरकार बनने से पहले देश की सबसे बड़ी आबादी वाले प्रदेश में मात्र डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में 10 एक्सप्रेस-वे संचालित हैं। उन्होंने कहा कि तब हवाई सेवाएं चुनिंदा शहरों तक सिमटी थीं, लेकिन आज 12 घरेलू और पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों से प्रदेश की उड़ान नयी ऊंचाइयों पर है। आदित्यनाथ ने पोस्ट में कहा, ''तब प्रदेश के एक भी शहर में मेट्रो नहीं चलती थी।

वहीं, आज सात शहरों में मेट्रो जनजीवन को नयी गति दे रही है। इस परिवर्तन से किसान की उपज को बड़ा बाजार और उद्यमिता को नए अवसर मिल रहे हैं। युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार तक पहुंच सुगम हो रही है।'' उन्होंने कहा कि इससे कामकाजी लोगों का समय बच रहा है तथा पर्यटन का भी विस्तार हो रहा है, जिससे स्थानीय परिवारों की आजीविका को नयी शक्ति मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा, ''विकास की यह गति आज गांव से कस्बे और कस्बे से शहर तक नागरिकों के जीवन को बदल रही है। हर क्षेत्र को अवसर, हर उद्यम को सामर्थ्य और हर परिवार के जीवन में बढ़ती खुशहाली नए भारत के नए उत्तर प्रदेश की नयी पहचान है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static