अनोखी शादी: दुल्हन खुद बारात लेकर पहुंची दूल्हे के घर, सादगी के साथ विवाह के बंधन में बंधे दोनों

punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2020 - 01:06 PM (IST)

गोरखपुर: लॉकडाउन के दौरान पूरे भारत से अजीबोगरीब वाकया देखने और सुनने को मिल रहा है। इसी बीच जनपद गोरखपुर में भी एक अनोखी शादी चर्चा में आ गई। लॉकडाउन के दौरान दूल्हे के परिजनों को पास मिलने में देरी हुई तो दुल्हन बारात लेकर गोरखपुर जनपद के रहने वाले दूल्हे के घर अपने माता-पिता सहित 5 लोगों के साथ पहुंची। जहां सादगी के साथ दोनों का विवाह संपन्न हुआ।

अनोखी शादी की चारों तरफ हो रही चर्चाएं
बता दें कि जनपद कुशीनगर की दुल्हन रिंकी कुमारी वृंदावन की रहने वाली हैं। वहीं उनके होने वाले पति अश्विनी कुमार गौड़ जो गोरखपुर के बेलदारी टोला जोहर चौक के रहने वाले हैं। रिंकी कुमारी अपने मायके से बारात लेकर अपने होने वाले ससुराल पहुंची जहां सादगी के साथ दोनों का 23 मई को विवाह सम्पन हुआ। जिसके बाद इस अनोखी शादी की चारों तरफ चर्चाएं हो रही हैं।

पास में हुई देरी तो लड़की खुद बारात लेकर पहुंची ससुराल
दुल्हन रिंकी कुमारी ने बताया कि 23 मई को हमारी शादी का दिन तय हुआ था। ऐसे में हमारे ससुराल वालों को पास मिलने में हो रही देरी के बाद हम लोगों ने तय किया कि हम खुद बारात लेकर जाएंगे और तय समय पर शादी का कार्यक्रम संपन्न होगा। इसलिए मैं अपने माता-पिता और दो अन्य लोगों के साथ खुद अपने होने वाले पति के घर पहुंची। जहाँ सादगी के साथ हमारा विवाह संपन्न हुआ।

 दूल्हे ने खुले मन से बारात का किया स्वागत
वहीं दूल्हे अश्विनी कुमार ने बताया कि हमने पास के लिए अप्लाई किया था लेकिन हमको पास मिलने में देरी हुई तो हमारे ससुराल के लोग लड़की के साथ हमारे घर बारात लेकर पहुंच गए। जिसका मैंने भी खुले मन से स्वागत किया और सादगी के साथ हम दोनों ने विवाह किया।

Edited By

Umakant yadav