उत्तर प्रदेश में जब तक कांग्रेस की सरकार नही बनेगी, मैं चैन से नहीं बैठूंगा: राहुल

punjabkesari.in Tuesday, Feb 12, 2019 - 08:48 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर पदेश के लिए कांग्रेस के नवनियुक्त महासचिवों प्रियंका गांधी वाड्रा तथा ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ यहां रोड शो करने आए अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि राज्य में जबतक कांग्रेस की सरकार नहीं बनती है तब तक ‘मैं, प्रियंका और सिंधियाजी चैन से नहीं बैठेंगे। अपनी बहन और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पार्टी प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ लखनऊ में रोड शो करते हुए शाम को पार्टी कार्यालय पहुंचे। जहां राहुल ने कहा कि हमारे सामने लोकसभा का चुनाव है, मैंने प्रियंका और ज्योतिरादित्य से कहा है कि इस चुनाव में बेहतर प्रदर्शन होना चाहिए, मगर उत्तर प्रदेश के अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार भी बनानी होगी। ये आप दोनों की जिम्मेदारी है।

कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि यह आपके (प्रियंका, ज्योतिरादित्य और उनकी टीम) लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का संदेश है कि उत्तर प्रदेश में अगर कांग्रेस को खड़ा करना है तो जमीनी नेताओं को आगे बढ़ाना पड़ेगा। राहुल ने यह भी कहा कि वह बसपा अध्यक्ष मायावती और सपा मुखिया अखिलेश यादव का आदर करते हैं, मगर कांग्रेस अगला लोकसभा चुनाव अपनी विचारधारा के लिए उत्तर प्रदेश को बदलने के मकसद से पूरे दम से लड़ेगी। राहुल ने कहा कि जो लोग हेलीकॉप्टर और हवाई जहाज में उड़ते हैं, उनसे आपका काम नहीं होने वाला। जो लोग गांव में लड़ेंगे, शहरों में लड़ेगे, सड़कों पर लड़ेंगे, उनको आगे बढ़ाइए। फिर देखिए कांग्रेस कैसे खड़ी होती है।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का पिछड़ा, गरीब, किसान, युवा सभी यहां कांग्रेस की सरकार चाहते हैं। सबको इन्होंने आजमा लिया है और सबके सब नाकाम हो गए हैं। अब एक ही रास्ता है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से कहा कि मोदी सरकार ने राफेल सौदे में भ्रष्टाचार किया। किसानों की बजाय उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया। हर साल 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा पूरा नहीं किया। आपके पास मुद्दों की कोई कमी नहीं है। आप आगे बढ़ें और कांग्रेस की विचारधारा की लड़ाई लड़ें। राजधानी लखनऊ स्थित हवाई अड्डा पहुंचने के बाद दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त महासचिवों-प्रियंका गांधी एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ रोड शो शुरू किया जो करीब 5 घंटे तक चला। रोड शो में लोगों की जबरदस्त मौजूदगी में कांग्रेस अध्यक्ष को हवाई अड्डे से स्थानीय कांग्रेस कार्यलाय की लगभग 12 किलोमीटर की दूरी तय करने में साढ़े 5 बज गए।

Anil Kapoor