UP: गाजीपुर में पुलिस के साथ मुठभेड़ में 2 बदमाश घायल, 3 गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Sep 13, 2017 - 09:03 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गाजीपर क्षेत्र में आज तड़के हुई पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से 2 बदमाश घायल हो गए। इस दौरान उनके 3 साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश कार पर सवार होकर गाजीपुर में किसी व्यापारी के यहां डकैती डालने आ रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने कुकरेल बांध पर बदमाशों को घेर लिया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग करनी शुरु कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 2 बदमाश रेहान और अनवर घायल हो गए। इनके अलावा 3 बदमाशों शादिक, तौहीद और विकास दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया है।

उन्होंने बताया कि पकड़े बदमाश फर्रुखाबाद जिले के रहने वाले हैं। उनके पास से 2 पिस्टल,3 तमंचों के अलावा कारतूस और डकैती डालने के औजारों के अलावा बेहाश करने वाले इंजेक्शन भी बदमाशों की कार में मिले हैं। ये बदमाश भूतनाथ मार्किट के किसी बड़े व्यापारी के यहां डकैती डालने के लिए आए थे लेकिन सूचना मिलने पर बदमाशों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल दोनों बदमाशों को लोहिया अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज हैं। बदमाशों के खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी की जा रही है।