यूपीः कोरोना के 104 नए मामले आए सामने, 98 प्रतिशत रही रिकवरी दर

punjabkesari.in Friday, Feb 19, 2021 - 04:56 PM (IST)

लखनऊः  उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान 104 नये कोरोना संक्रमित मामले आये जबकि रिकवरी दर 98़ 1 प्रतिशत है। राज्य के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कल एक दिन में 1,36,180 सैम्पल की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक कुल 3,01,73,226 सैम्पल की जांच की गयी है।       

उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना सेे संक्रमित 104 नये मामले आये हैं। प्रदेश में 2,521 कोरोना के एक्टिव मामलों में से 647 लोग होम आइसोलेशन में हैं। प्रदेश में कोविड-19 का रिकवरी 98.1 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 165 तथा अब तक 5,91,359 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। प्रयाद ने बताया कि प्रदेश में ई-संजीवनी के माध्यम से 24 घंटे में 4499 लोग तथा अब तक कुल 5,31,035 लोगों ने चिकित्सीय परामर्श लिया। प्रदेश में सर्विलांस टीम के माध्यम से 1,85,364 क्षेत्रों में 5,11,526 टीम दिवस के माध्यम से 3,14,67,407 घरों के 15,28,08,232 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है।       

उन्होंने आगे बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों को आज वैक्सीन की दूसरी डोज लगायी जा रही है। इसके साथ ही छूटे हुए स्वास्थ्य कर्मियों को भी एक और मौका देते हुए वैक्सीन की प्रथम डोज लगाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लगभग सभी फ्रंट लाइन कर्मियों को वैक्सीन की प्रथम डोज लगभग पूर्ण, शेष फ्रंट लाइन कर्मियों को 22 फरवरी, तथा एक आखिरी अवसर देते हुए द्वितीय ‘‘मॉप अप राउण्ड‘‘ 25 फरवरी को वैक्सीन लगाने का कार्य किया जायेगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने का भी कार्य किया जायेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन अवश्य करें।

 

Content Writer

Moulshree Tripathi