UP: हत्यारोपी सहित 2 बंदी अस्थाई जेल से फरार

punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2020 - 06:59 PM (IST)

जौनपुर: हत्यारोपी समेत 2 बंदी गुरुवार को पंचहटिया स्थित अस्थाई जेल से फरार हो गए। इसका पता तब चला जब शुक्रवार को बंदियों की गिनती की जाने लगी।

दरअसल कोरोना काल में प्रशासन ने पंचहटिया स्थित प्रसाद इंटरनेशनल स्कूल में अस्थाई जेल स्थापित की है। वहां बंदियों को क्वारन्टीन किया जाता है। जेल के दूसरे तल पर बदलापुर थाना क्षेत्र के कटहरी गांव निवासी हत्यारोपी राजू चौहान, मुंगराबादशाहपुर थानांतर्गत विजयथरमऊ निवासी कई मामलों का आरोपी मोनू कुमार गौतम को भी रखा गया था। गुरुवार को सुरक्षाकर्मियों की लापरवाही का फायदा उठाते हुए दोनों बरामदे की जाली तोड़ते हुए किसी तरह फरार हो गए।

इस बात की जानकारी रात भर किसी को नहीं हुई। सुबह जब बंदियों की गणना शुरू हुई तब दोनों शातिर अपराधी गायब मिले। घटना की जानकारी होते ही सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। फरारी की सूचना तत्काल थाना लाईन बाजार सहित प्रशासनिक अमले को दी गई। टीम ने दोनों फरार अभियुक्तों की खोजबीन शुरू कर दी है। ए.एस.पी. सिटी डॉ. संजय राय ने बताया कि दोनों अभियुक्त फरार हुए हैं। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

Edited By

Umakant yadav