यूपी BJP अध्यक्ष बोले- लाख जतन कर ले विपक्ष, मोदी का दोबारा प्रधानमंत्री बनना तय

punjabkesari.in Saturday, Dec 01, 2018 - 09:13 AM (IST)

लखनऊ: विपक्षी दलों के गठबंधन के प्रयास पर तंज कसते हुए उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय ने कहा कि भोग विलासिता के लिए सत्ता सुख से वंचित लोग कितने भी गठबंधन क्यों ना कर ले लेकिन, नरेन्द्र मोदी को कोई भी ताकत फिर से प्रधानमंत्री बनने से नहीं रोक सकती। पार्टी की अनुसूचित मोर्चे द्वारा स्थानीय सभागार में आयोजित सामाजिक प्रतिनिधि बैठक में डॉ. पांडेय ने सपा-बसपा और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने महात्मा गांधी के नाम का तो उपयोग किया लेकिन उनके विचारों को नहीं अपनाया। कांग्रेस ने महात्मा गांधी जी के विचारों को कब का छोड़ दिया, इसके विपरीत मोदी ने गांधी के दिखाए रास्ते पर चलते हुए स्वच्छता को पूरे देश में एक आंदोलन का स्वरूप दे दिया।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद सपा-बसपा और कांग्रेस जैसे दलों ने गरीबों के नाम पर गरीबी हटाने का नारा देकर सरकारें तो बनाई लेकिन इन गरीबों के जीवन स्तर में सुधार आए इसके लिए कोई कार्य नहीं किया। डॉ. पांडेय ने कहा कि सपा-बसपा जैसे दल कांग्रेस के पद चिन्हों पर चलते हुए परिवारवाद और भ्रष्टाचार के दल-दल में फंस गई।

सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि क्या लोहिया जी ने यहीं सिद्धांत और आदर्श दिया था कि मुलायम अपने ही परिवार के 67 से भी अधिक लोगों को विभिन्न पदों पर बिठाकर शासन सत्ता का सुख भोगते रहे। बसपा ने भी आम्बेडकर के सिद्धान्तों को तिलाजंलि दे दी।  प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पिछड़ो, दलितों, शोषित वंचितो, गरीबों, किसान सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

Anil Kapoor