यूपी ब्लॉक प्रमुख चुनावः  476 पदों के लिए आज होगा मतदान, 349 हो चुके हैं निर्विरोध निर्वाचित

punjabkesari.in Saturday, Jul 10, 2021 - 09:20 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए 476 पदों के लिए आज शनिवार को मतदान होगा। बता दें कि मतदान 11 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच होगा। वहीं शाम तक नतीजे भी आ जाएंगे। वहीं शुक्रवार को राज्‍य में 349 क्षेत्र पंचायत प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश के राज्‍य निर्वाचन आयुक्‍त मनोज कुमार ने यह जानकारी दी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पदाधिकारी ने दावा किया है कि निर्विरोध चुने गये क्षेत्र पंचायत प्रमुखों में से 334 भाजपा के हैं। हालांकि प्रदेश में क्षेत्र पंचायत प्रमुख के चुनाव में विपक्ष खासकर समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भाजपा पर धांधली करने और लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया है। उधर, पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार देर रात जारी बयान में कहा, ''उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद जातिवाद व भ्रष्टाचार को खत्म कर विकास व सुशासन का राज्य स्थापित किया गया है। यही कारण है कि प्रदेश में हो रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भी भाजपा लगातार विजय प्राप्त कर रही है। यह जीत भाजपा की नीतियों पर जनता की मोहर है।''

गौरतलब है कि राज्‍य में 825 क्षेत्र पंचायत प्रमुखों के चुनाव की प्रक्रिया बृहस्पतिवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ शुरू हुई और शुक्रवार को नामांकन पत्रों की वापसी तय थी। शनिवार को मतदान सुनिश्चित किया गया है। निर्वाचन आयुक्‍त ने बताया कि 825 प्रमुख क्षेत्र पंचायत के पदों के लिए कुल 1,718 नामांकन प्राप्त हुए जिनमें 68 नामांकन रद्द होने, 187 उम्मीदवारों द्वारा अपना नामांकन वापस लिए जाने के बाद 1,710 वैध उम्मीदवार पाए गए हैं।

Content Writer

Moulshree Tripathi