UP Board: दूरदर्शन पर कल से चलेंगी हाईस्कूल व इंटर की कक्षाएं, सुबह 10 से 12 बजे तक होगा प्रसारण

punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2020 - 12:58 PM (IST)

लखनऊ: कोरोना वायरस को लेकर देशव्यापी लॉकडाउन घोषित है। जिसके संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए स्कूलों को बंद रखा गया है जिससे छात्रों का भविष्य अंधकार में डूब गया है। इसी क्रम में यूपी बोर्ड के 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए अच्छी खबर है। वीरवार यानि 30 अप्रैल से दूरदर्शन पर कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि दूरदर्शन के स्वयंप्रभा चैनल पर सुबह 10 से 12 बजे तक कक्षाओं का प्रसारण होगा।

30-30 मिनट की चलेंगी दो-दो क्लास
बता दें कि इसके अंतर्गत सुबह 30-30 मिनट की दो क्लास हाईस्कूल और 30-30 मिनट की दो क्लास इंटर मीडिएट की चलेंगी। शाम को यही क्लास रिपीट होंगी। डीआईओएस ने बताया कि लॉकडाउन के कारण स्कूल की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए शासन के निर्देशों पर यह पहल की गई है। डॉ. एपीजे अब्दुल क्लाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के स्टूडियो में इनकी रिकॉर्डिंग की जा रही है।

10 और 12 में गिनती के छात्र कर रहे कम्प्यूटर की पढ़ाई
उन्होंने बताया कि कम्प्यूटर शिक्षा की स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 2019-20 सत्र में हाईस्कूल के 30 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं में 65 हजार से भी कम बच्चों ने कम्प्यूटर का विषय लिया था। इंटर में लगभग 26 लाख छात्र-छात्राओं में से 18 हजार से भी कम बच्चों ने कम्प्यूटर की पढ़ाई की थी। हाईस्कूल और इंटर में गिनती के छात्र कम्प्यूटर की पढ़ाई कर रहे हैं।

प्रदेश के अधिकांश शिक्षक स्वयं कम्प्यूटर शिक्षा से अनभिज्ञ
डॉ. रवि भूषण (प्रदेश महामंत्री राजकीय शिक्षक संघ) ने कहा कि प्रदेशभर के राजकीय विद्यालय कम्प्यूटर शिक्षक विहीन हैं। सहायता प्राप्त और वित्तविहीन स्कूलों की स्थिति भी यही है। ऐसे में जब प्रदेश के अधिकांश शिक्षक स्वयं कम्प्यूटर शिक्षा से अनभिज्ञ हैं तो वे शिक्षण सामग्री का मॉड्यूल किस प्रकार तैयार कर सकते हैं। 

Edited By

Umakant yadav