UP बजट 2018: योगी सरकार ने दिया धार्मिक पर्यटन पर जोर

punjabkesari.in Friday, Feb 16, 2018 - 04:26 PM (IST)

लखनऊः योगी सरकार ने यूपी के लिए अपना दूसरा बजट पेश किया है। इस बजट की सबसे खास बात यह है कि यह बजट वित्त मंत्री ने शेर पढ़कर शुरू किया और इसका अंत भी शेर से ही हुआ। वित्तमंत्री ने प्रदेश के लिए 4 लाख 28 हजार 384 करोड़ का मेगा बजट पेश किया। योगी आदित्यनाथ ने बजट के बाद कहा अब हर साल अयोध्या में दिवाली, बनारस में देव दीपावली और बरसाना में होली होगी। इसके साथ ही योगी सरकार ने सड़क, बिजली, पानी के साथ-साथ धार्मिक संदेश भी दिया।

योगी सरकार द्वारा पेश किए गए बजट में धार्मिक पर्यटन पर सबसे ज्यादा जोर दिया है। प्रदेश सरकार ने नई पर्यटन नीति-2018 के तहत रामायण सर्किट, कृष्णा सर्किट, सूफी सर्किट, बौध सर्किट, बुंदेलखंड सर्किट, जैन सर्किट के लिए 70 करोड़ रूपए की राशि दी है। वित मंत्री राकेश अग्रवाल ने बजट पेश करते हुए बताया कि ब्रज तीर्थ विकास परिषद की स्थापना एवं सुविधाओं के लिए 100 करोड़ रूपए की व्यवस्था की गई है।

इतना ही नहीं योगी सरकार ने पर्यटन नीति के तहत अयोध्या में दीपावली, बरसाना की होली, काशी की देव दीपावली जैसे सांस्कृतिक झांकियों के लिए सरकार ने 10 करोड़ की व्यवस्था की है। सरकार ने गाजियाबाद में कैलाश मानसरोवर भवन के निर्माण के लिए 94 करोड़ की व्यवस्था की है। गोरखपुर में आधुनिक आॅडिटोरियम के लिए 29 करोड़ 50 लाख रुपए दिए हैं।

बताते चले कि वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल ने 4 लाख 28 हजार 384 करोड़ का बजट पेश किया। यह पिछले साल की तुलना में 11.4 प्रतिशत ज्यादा है। पिछले साल 3.84 लाख करोड़ रुपए का बजट पेश किया गया था। यह अब तक का सबसे बड़ा बजट है। बजट में 44 हजार 53 करोड़ 32 लाख रुपए का राजकोषीय घाटा अनुमानित है। राज्य की ऋणग्रस्तता सकल राज्य घरेलू उत्पाद 29.8 प्रतिशत अनुमानित है।