UP के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद बोले- भाजपा से है अटूट गठबंधन, मिलकर लड़ेंगे नगर निकाय चुनाव

punjabkesari.in Friday, Oct 28, 2022 - 06:02 PM (IST)

प्रतापगढ़: यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने शुक्रवार को प्रतापगढ़ जिले का दौरा किया। यहां उन्होंने प्रेस वार्ता में कहा कि भाजपा से उनका अटूट गठबंधन है। नगरीय निकाय चुनाव भाजपा से मिलकर लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मछुआरा समाज के विकास के लिए योगी सरकार कृत संकल्प है। मछुआरा समाज के बच्चों को शिक्षित करने के लिए मंडल स्तर पर जल्द ही आवासीय विद्यालय खोले जाएंगे।

संजय निषाद ने कहा कि अब तक विपक्षी पार्टियों ने मछुआरा समाज को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया। पहली बार है कि भाजपा ने मछुआरा समाज को उनका अधिकार दिलाने का काम किया है। छह महीने पहले इसलिए मत्स्य मंत्रालय को एक अलग मंत्रालय बनाया गया। मंत्री बोले कि मछुआ कल्याण योजना के तहत प्रदेश सरकार ने 25 करोड़ रुपये आवंटित किया है। 18 प्रतिशत आबादी होने के बावजूद अभी तक मछुआरा समाज बंटा हुआ था। उन्होंने कहा कि मत्स्य निगम के कर्मचारियों को सातवां वेतनमान दिलाने काम उन्होंने किया है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रतापगढ़ में मत्स्य पालन करने वाले 1750 लोगों का निशुल्क बीमा कराया गया है, जो उन्हें किसी आपदा के दौरान आर्थिक सहायता दी जाएगी यहां पर इस योजना का लाभ विभाग के कुछ अधिकारियों व कर्मचारियों की उदासीनता से लोगों को नहीं मिल पा रहा था। इसके अलावा बैंक वाले भी पत्रावली मंजूर करने में शिथिलता बरत रहे थे। प्रतापगढ़ को मत्स्य गढ़ बनाना चाहते हैं, इसके लिए विभाग के पास बजट की कोई कमी नहीं है।

Content Writer

Tamanna Bhardwaj