UP: बेमौसम बारिश से बढ़ी ठंड, फसलों को भारी नुकसान

punjabkesari.in Saturday, Apr 01, 2023 - 11:38 AM (IST)

बरेलीः फसलों की कटाई के दौरान बिगड़े मौसम के मिजाज ने किसानों के चेहरे पर मायूसी ला दी है। लगातार मौसम में बदलाव हो रहा है। शुक्रवार शाम से ही जिले में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई और रात में तेज बारिश हुई। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई है। जिसकी वजह से एक बार फिर से ठंड बढ़ गई। वहीं फसलों को भी काफी नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। शुक्रवार को बरेली में अधिकतम तापमान 28.8 और न्यूनतम 16.9 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकांश जिलों-शहरों में भी शुक्रवार को बारिश ओलावृष्टि - हुई ।

एकाएक लुढ़का पारा, आज भी बारिश होने के आसार
मौसम का मिजाज गुरुवार देर रात से ही बिगड़ गया। शाम को आंधी के साथ रात में बारिश हुई। शुक्रवार दोपहर को तेज धूप खिली लेकिन शाम करीब 7 बजे एक बार फिर से वर्षा शुरू हो गई। पूरी रात में करीब पांच से सात एमएम वर्षा हुई। इसका अलर्ट शनिवार तक जारी रहेगा। रविवार से मौसम साफ होने की उम्मीद है। जिले में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं 8-10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज ठंडी हवाएं चलीं।


सोमवार से मौसम साफ होने की आशंका
मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह के मुताबिक जिले में शनिवार को करीब 10 से 15 एमएम तक वर्षा के आसार हैं। करीब 12 से 14 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी। तेज गरज और चमक के साथ वर्षा होगी। सोमवार से मौसम साफ होने की आशंका जताई जा रही है। मगर तापमान में गिरावट दर्ज होगी।



बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुक्सान
इतना ही नहीं बरेली समेत आस-पास के जिलों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। जिसकी वजह से किसानों की फसल को खासा नुकसान होगा। उन्होंने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति उत्पन्न होने के बाद से ही मौसम का रुख बदला है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से तेज ठंडी हवाओं ने अधिकतम तापमान में गिरावट की है।

Content Writer

Ajay kumar