यूपी कांग्रेस ने प्रशासनिक कामकाज के लिए गठित की 4 सदस्यीय समिति

punjabkesari.in Friday, Jun 22, 2018 - 02:06 PM (IST)

लखनऊ: मीडिया,वित्त, प्रशासन और संगठनात्मक इकाईयों के भंग होने के एक दिन बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजबब्बर ने पार्टी के प्रशासनिक कामकाज के लिए 4 सदस्यीय समिति के गठन की घोषणा की। पार्टी सूत्रों ने बताया कि कमेटी में पार्टी उपाध्यक्ष आर पी त्रिपाठी के अलावा सतीश आजमानी, हरीश बाजपेई और हनुमान त्रिपाठी शामिल हैं। आर आर त्रिपाठी इससे पहले भी संगठन और प्रशासन के प्रमुख थे। इन चारों इकाइयों को बुधवार को भंग कर दिया गया था। नई समिति में सतीश अजमानी और हनुमान त्रिपाठी भी शामिल है। हरीश बाजपेई, निर्मल खत्री की अध्यक्षता के दौरान प्रशासन के मामले प्रमुख थे।

राजबब्बर के कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष बनते ही उन्हें हटा दिया गया था। सूत्रों ने बताया कि शीघ्र ही भंग की गई अन्य समितियों का गठन किया जाएगा। मीडिया कमेटी के भंग होने से सबसे अधिक समस्या खड़ी हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष ने सभी 21 प्रवक्ताओं को आदेश दिया है कि मीडिया में किसी तरह के बयान न दे और इसका कड़ाई से पालन किया जाए।

सूत्रों ने कहा कि वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस अध्यक्ष ने इस समितियों को भंग किया था। समिति में नए सदस्यों को जाति और क्षेत्रीय समीकरण को बनाए रखकर नियुक्त किया जाएगा।

Anil Kapoor