नागरिकता संशोधन बिल के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी यूपी कांग्रेस, बड़े प्रदर्शन का किया ऐलान

punjabkesari.in Wednesday, Dec 11, 2019 - 12:18 PM (IST)

लखनऊः नागरिकता संशोधन बिल को लेकर विवाद पैदा हो गया है। लोकसभा में बिल पास हो गया है। जिसपर अब सियासत शुरू हो गई है। विपक्ष लगातार इसका विरोध कर रहा है। इसी कड़ी में कांग्रेस ने सदन में इस बिल का विरोध किया। जिसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में कांग्रेसी सड़कों पर उतरेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि आज हमने बिल जलाया है। कल सड़कों पर प्रर्दशन करेंगे। बुधवार को प्रदेश के सभी जनपद मुख्यालयों पर कांग्रेस के लोग इस बिल के विरोध में प्रर्दशन करेंगे। कांग्रेस इसके खिलाफ सड़क से लेकर संसद और विधानसभा में भी लडेगी, और इस सरकार के मंसूबे को कामयाब नही होने देगी।

उन्होंने कहा कि संघ का विधान इस देश का संविधान नहीं हो सकता। बीजेपी देश को बांटना चाहती है। बड़े संघर्षों के बाद इस देश को आजादी दिलाने का काम भारत के लोगों ने किया है। कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता नें त्याग-समर्पण कर इस देश की नींव बनाई है। हम इसे बंटते हुए नहीं देख सकते। महात्मा गांधी और बाब भीमराव अम्बेडकर का सपना था कि भारत में सबको समान अधिकार मिले, सबको समान नागरिकता मिले। आर्टिकल-14 के तहत ये अधिकार दिया गया है, लेकिन बीजेपी सरकार सबको बांटना चाहती है। जिसे कांग्रेस का कार्यकर्ता कतई नहीं होने देगा।

बता दें कि बीते मंगलवार को लखनऊ के हजरतगंज स्थित गांधी पार्क में कांग्रेसियों ने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बिल की कॉपी को जलाया। साथ ही नारेबाजी भी की। इस दौरान प्रियंका गांधी द्वारा CAB को लेकर जारी किये गये संदेश को पढ़कर सुनाया भी गया। जिसके बाद कांग्रेसियों ने बड़ा प्रर्दशन करने का ऐलान किया है।
 

Tamanna Bhardwaj