UP: कोरोना का रिकवरी दर बढ़कर 96.39 प्रतिशत, संक्रमितों की संख्या में आई कमी

punjabkesari.in Sunday, Jan 03, 2021 - 05:52 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कोविड-19 का रिकवरी बढ़कर 96.39 प्रतिशत होने के साथ संक्रमितों की संख्या में कमी आई और पिछले 24 घंटे में 769 नए मामले सामने आए हैं। राज्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने आज लोक भवन में संवाददाताओं को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कल एक दिन में 1,31,890 सैम्पल की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक 2,43,48,477 सैम्पल की जांच की गयी है।       

अपर मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से संक्रमित 769 नये मामले आये हैं। प्रदेश में 12,858 कोरोना के एक्टिव मामले में से 5269 लोग होम आइसोलेशन में हैं। उन्होंने बताया कि निजी चिकित्सालयों में 1,321 लोग इलाज करा रहे हैं, इसके अतिरिक्त मरीज एल-1, एल-2 तथा एल-3 के सरकारी अस्पतालों में अपना ईलाज करा रहे हैं। 

प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में 24 घंटे में 1179 लोग तथा अब तक कुल 5,66,910 लोग कोविड-19 से ठीक हो चुके हैं। प्रदेश में कोरोना का रिकवरी प्रतिशत 96.39 है। प्रदेश में सर्विलांस टीम के माध्यम से 1,80,567 क्षेत्रों में 5,01,724 टीम दिवस के माध्यम से 3,10,56,949 घरों के 15,10,41,445 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है। प्रदेश में ई-संजीवनी के माध्यम से 24 घंटे में 4649 लोगों ने चिकित्सीय परामर्श लिया है। अब तक 3,45,123 लोगों ने चिकित्सीय परामर्श लिया है।       

उन्होंने बताया कि ड्रग्स कन्ट्रोलर ऑफ इण्डिया द्वारा आज 02 कोविड वैक्सीन को मंजूरी दे दी गई है। वैक्सीनेशन की तैयारियां चल रही हैं। इसी क्रम में लखनऊ के 06 स्थानों पर ड्राई रन चलाया गया तथा प्रदेश में 05 जनवरी से ड्राई रन चलाया जायेगा। यह अभियान प्रत्येक जिले के 06 स्थानों पर जिनमें 03 शहरी क्षेत्र तथा 03 ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जायेगा। उन्होंने बताया कि वैक्सीनेशन की तैयारियां चल रही है, जिसके तहत कोविड चेन का विस्तार, स्टोरेज की व्यवस्था की जा रही है।       

प्रसाद ने बताया कि इसके साथ ही वैक्सीन रखने वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जा रहे है। कोविड वैक्सीन के भण्डारण के साथ-साथ वैक्सीन लक्षित समूहों को चरणबद्ध तरीके से लगाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए सभी लोग मास्क पहनें, हाथ साबुन-पानी से धोते रहें तथा लोगों से दो गज की दूरी बनाये रखें। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static