UP Corona Update: यूपी में कोरोना ने फिर बढ़ाई टेंशन, प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या एक हजार पार

punjabkesari.in Sunday, Apr 24, 2022 - 10:14 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या एक हजार का आंकड़ा पार कर चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सख्ती बरने के आदेश दिये हैं वहीं टीकाकरण के मामले में प्रदेश देश में पहले स्थान पर है।       

आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि यूपी एकमात्र राज्य है जिसने 31 करोड़ से अधिक टीके की डोज दी है और 11 करोड़ 04 लाख से अधिक सैम्पल की जांच की है। उत्तर प्रदेश की सीमा से जुड़े कुछ राज्यों में तेजी से कोरोना संक्रमण के मामलों में इजाफा हो रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्रदेश में सख्ती बरतने के आदेश दिए हैं। प्रदेश सरकार हर स्तर पर सतकर्ता बरत रही है।       

सीएम ने अधिकारियों को प्रदेश में टेस्ट और टीके की रफ्तार बढ़ाने के आदेश दिए हैं। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाया जाने को अनिवार्य करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने पब्लिक एड्रेस सिस्टम का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल किए जाने और लक्षणयुक्त लोगों की टेस्टिंग करने के आदेश दिए हैं। प्रदेश में कोविड के कुल एक्टिव केस की संख्या 1122 है। बीते 24 घंटों में 226 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। प्रदेश में 146 लोगों ने संक्रमण को मात दी। प्रदेश का रिकवरी रेट 98.8 प्रतिशत है। गौतमबुद्ध नगर में 126, गाजियाबाद में 46 और लखनऊ में 17 नए पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है। इन जिलों में सीएम ने अतिरिक्त सतकर्ता बरतने के निर्देश दिए हैं। ये तीन जिले ऐसे हैं जहां डबल डिजिट में संक्रमण के मामलों की पुष्टि हुई है।

Content Writer

Mamta Yadav