UP Crime: 200 रुपये उधार न लौटाने पर जीजा ने की साले की हत्या, पेट में चाकू घोंप कर उतारा मौत के घाट

punjabkesari.in Friday, Mar 01, 2024 - 02:46 PM (IST)

Deoria Crime News: उत्तर प्रदेश के देवरिया से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पर उधार लिए 200 रुपये वापस नहीं लौटाने पर एक जीजा ने साले के पेट में मुर्गा काटने वाला चाकू घोंप कर उसकी हत्या कर दी। इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।


यह पूरी घटना जिले के थाना बघौचघाट क्षेत्र के बजरहां गांव की है। जहां पर रहने वाले जाकिर अंसारी (32) की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, जाकिर की बहन जुबैन की शादी रामपुर निवासी नियामत से हुई थी। गांव के करीब बुद्धन चौराहे पर मृतक जाकिर की मुर्गा काटने की दुकान थी। रिश्तेदारी के चलते मृतक जाकिर ने अपने जीजा के छोटे भाई मुनीब को अपनी दुकान दे दी थी। तीन दिन पहले जाकिर ने मुनीब से 200 रुपये उधार लिए थे।


बीते गुरुवार की शाम को जाकिर मुर्गे की दुकान पर गया। इस दौरान मुनीब ने जाकिर से उधार दिए 200 रुपये वापस मांगे। जाकिर ने पैसे नहीं दिए और साथ ही अपनी दुकान लौटाने को कहा। जिसे लेकर दौनों में विवाद हो गया और मारपीट होने लगी। यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि मुनीब ने जाकिर की हत्या कर दी। झड़गे के दौरान मुनीब ने जाकिर के पेट में मुर्गा काटने वाला चाकू घोंप दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। इस घटना से चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। घायल जाकिर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


अगले महीने होने वाली थी जाकिर की शादी
जाकिर की हत्या के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। जाकिर की अगले महीने शादी होनी थी। जाकिर और लड़की पक्ष दोनों के घरों में निकाह की तैयारियां जोरों पर थी लेकिन अब जाकिर की हत्या के बाद जहां एक तरफ परिवार बेसुध है तो वही लड़की के परिजन भी गमजदा हैं। फिलहाल, मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।  

Content Editor

Pooja Gill