UP Crime: सीरियल देख रही पत्नी ने नहीं बंद किया टीवी, तो पति ने मार दी गोली

punjabkesari.in Friday, Jun 09, 2023 - 06:43 PM (IST)

रामपुर, UP Crime: उत्तर प्रदेश के रामपुर से दिलदहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां महिला टीवी सीरियल देख रही थी। इसी दौरान उसके शराबी पति ने टीवी बंद करने के लिए कहा तो विवाद हो गया। इस पर उसने लाइसेंसी बंदूक निकाली और गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।परिजनों ने महिला को आनन-फानन में सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। महिला के दाएं हाथ में गोली लगने से फ्रैक्चर होने की बात डॉक्टर ने बताई है। 

मामला रामपुर के स्वार थाना क्षेत्र के समोदिया गांव का है। यहां श्यामलाल अपने परिवार के साथ रहता है। शुक्रवार को उसकी पत्नी घर में सीरियल देख रही थी। इस पर उसने टीवी बंद करने के लिए कहा तो दोनों में विवाद हो गया। इस दौरान श्यामलाल को इतना गुस्सा आया कि वो अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाल लाया और गोली चला दी, जो कि महिला के दाहिने हाथ में लगी। इस मामले में महिला के बेटे की तरफ से दी गई तहरीर पर थाना स्वार में धारा 307 के तहत आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया है। महिला खतरे से बाहर बताई जा रही है।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक संसार सिंह ने बताया कि थाना स्वार में समोदिया गांव पड़ता है। यह वहां की घटना थी। यहां श्यामलाल अपने घर पर आया। उसकी पत्नी घर पर ही थी। सीरियल देख रही थी। सीरियल बंद करने को लेकर उन दोनों में विवाद हुआ। इसके बाद पति ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से पत्नी को गोली मार दी। इससे महिला का हाथ बुरी तरह से डैमेज हो गया। श्याम लाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। बंदूक बरामद कर ली है। उसे जेल भेज दिया है। महिला खतरे से बाहर है। उसके बेटे ने एफआईआर दर्ज कराई है। 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj