यूपी से गायब हुए प्रशांत किशोर

punjabkesari.in Sunday, Jan 29, 2017 - 09:18 AM (IST)

नई दिल्ली\लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही कांग्रेस पार्टी के चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर अपनी टीम समेत गायब हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में बना उनका ऑफिस  भी खाली हो गया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस का नेतृत्व प्रशांत से काफी नाराज है। प्रशांत पर आरोप है कि उन्होंने राहुल गांधी को गलत सलाह दी। जिस तरह से पहले शीला दीक्षित को सी.एम. प्रत्याशी घोषित किया गया, फिर हटा दिया गया उससे कांग्रेस का ब्राह्मण वोट बैंक कमजोर हो सकता है। यू.पी. में कांग्रेस को नुक्सान पहुंचाने के बाद प्रशांत किशोर पंजाब गए और राहुल को बताया कि कांग्रेस वहां जीत रही है। अब बताया जा रहा है कि प्रशांत उत्तराखंड में हैं और हरीश रावत को सलाह दे रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में भाजपा मोदी के भरोसे
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में त्रिशंकु नतीजे आ सकते हैं एक सर्वे में यह दावा किया गया है। भाजपा मुख्यमंत्री उम्मीदवार की घोषणा न कर मोदी की उपलब्धियों के भरोसे राज्य का चुनाव लड़ रही है। उत्तर प्रदेश के लगभग एक-तिहाई मतदाताओं ने कहा कि मोदी ने महंगाई घटाने के लिए कोई प्रयास नहीं किया। कुल 403 सीटों वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा में बसपा को वर्तमान से 89 सीटें अधिक मिलने का अनुमान है। सत्तारूढ़ सपा 170 सीटें हारकर 74 सीटों पर सिमट सकती है। वहीं भाजपा की सीटें वर्तमान में 47 से बढ़कर 135 हो सकती हैं।

कांग्रेस महासचिव बनाई जा सकती हैं प्रियंका गांधी
कांग्रेस में नई ऊर्जा का संचार करने के लिए प्रियंका गांधी को पार्टी का महासचिव बनाया जा सकता है। मीडिया रिपोर्टों की मानें तो पार्टी ने प्रियंका को नई जिम्मेदारी देने का मन करीब-करीब बना लिया है। प्रियंका को महासचिव बनाए जाने की औपचारिक घोषणा अगले कुछ दिनों में की जा सकती है। ऐसा होने पर प्रियंका सक्रिय राजनीति में कदम रख देंगी। प्रियंका अब तक अपनी मां और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं अपने भाई राहुल गांधी के लिए प्रचार करती आई हैं लेकिन अभी तक उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम नहीं रखा है लेकिन चुनावों में कांग्रेस की लगातार होती हार और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की नेतृत्वहीनता से उबरने के लिए पार्टी जल्द ही यह फैसला कर सकती है। 

UP Latest News की अन्य खबरें पढ़ने के लिए Facebook और Twitter पर फॉलो करें