UP Election: JKM ने बुंदेलखंड में भाजपा के खिलाफ खोला मोर्चा, कहा- 715 किसानों की शहादत बेकार न जाने दें... किसान विरोधी है BJP सरकार

punjabkesari.in Sunday, Feb 13, 2022 - 07:48 PM (IST)

झांसी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मचे सियासी घमासान के बीच बुंदेलखंड क्षेत्र में संयुक्त किसान मोर्चा (जेकेएम) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और किसानों से भाजपा को वोट न देने की अपील की है।              

संयुक्त किसान मोर्चा की कोर कमेटी के सदस्य शिवकुमार कक्का ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में भाजपा पर तीखा हमला करते हुए उसे किसान विरोधी सरकार बताया और किसानों को आगाह किया कि अगर इस बार चुनाव में भाजपा को वोट दिया गया तो 715 किसानों की शहादत बेकार चली जायेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पहले तो किसान विरोधी कानून बनाया और उसे पारित कराया । जब किसानों ने कानून का विरोध शुरू किया और इसके खिलाफ उनका धरना प्रदर्शन एक साल तक चला , जिसके बाद सरकार ने कानून वापस ले लिया। सरकार ने कानून वापस तो ले लिया लेकिन लंबे समय तक चले इस संघर्ष के बीच कई किसानों के खिलाफ फर्जी मुकदमें दर्ज कराये गये और उन्हें खालिस्तानी बताया गया। इतना ही नहीं कई दौर की बातचीत के दौरान सरकार ने किसानों से कई वादे भी किये लेकिन अभी तक उन वादों और आश्वासनों को पूरा नहीं किया गया है।              

इस मौके पर अखिल भारतीय किसान सभा के महासचिव हन्न मौला ने कहा, ‘‘ किसानों के साथ भाजपा सरकार के रवैये को देखते हुए हम इस क्षेत्र के किसानों से अपील करते हैं कि वे भाजपा के पक्ष में वोट न करें। इस पाटर्ी के पास झूठ और किसान विरोधी कार्यों के अलावा कोई मुद्दा नहीं है। यह पाटर्ी न अच्छे बुरे का भेद जानती है न संवैधानिक और असंवैधानिक का अंतर, इसे केवल एक ही भाषा समझ आती है वोट, सीट और सत्ता। सत्ता हासिल कर सब वादे भूल जाती है जैसे 2017 में किया। उस दौरान सस्ती बिजली, प्रदेश में पलायन रोकने, अन्ना प्रथा के खात्मे जैसे वादे किये और सत्ता में आने के बाद सब भूल गयी। कुछ ही दिन बाद आपके क्षेत्र में चुनाव है हमारी सभी किसानों से अपील है कि ऐसी वादाखिलाफ सरकार और राजनीतिक दल को इस बार चुनाव में किसान सजा दे और इस पाटर्ी को किसी भी कीमत पर वोट न दें।''       

उन्होंने कहा , ‘‘ हम किसानों को यह नहीं कह रहे हैं कि वह किसी पार्टी के पक्ष में वोट दे। जो भी दल किसानों के हित की बात करेगा किसान उसी को वोट देंगे लेकिन भाजपा को यदि अपना वोट दिया तो भाजपा सरकार से हमारी लड़ाई में अपना बलिदान करने वाले हमारे किसान भाइयों की शहादत व्यर्थ चली जायेगी।''  इस दौरान अखिल भारतीय किसान सभा के महासचिव हन्न मौला, बुंदेलखंड यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल शर्मा, जय किसान आंदोलन से योंगेंद्र यादव, भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष यदुवीर सिंह जादौन, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पप्पू पुरेनिया आदि उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static