UP Election News: भाजपा ने MLC चुनाव के लिए बनाई रणनीति, विधान परिषद की सभी सीटें जीतने का लक्ष्य

punjabkesari.in Tuesday, Sep 27, 2022 - 10:08 AM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के हौसले काफी बुलंद नजर आ रहे है। जिसके चलते भाजपा अब यूपी में होने वाले एमएलसी चुनाव की तैयारी कर रही है। भाजपा ने विधान परिषद की सभी सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। जिसे पाने के लिए भाजपा एमएलसी चुनाव के लिए एक बड़ा प्लान बनाएगी। इस प्लान की तैयारी में भाजपा जुटी हुई है और चुनाव में विपक्ष को मात देंने के लिए रणनीति बना रही है।
 
विधान परिषद की सभी सीटों पर जीत पाने की तैयारी में भाजपा
बता दें कि भाजपा 2024 के लोकसभा चुनाव में 80 में से 80 सीटें जीतना चाहती है। जिसके लिए पार्टी ने नगर निकाय और विधान परिषद चुनाव में भी सभी सीटों पर विजय प्राप्त करने के लिए कमर कसी है। विधान परिषद की पांच सीटों पर जनवरी-फरवरी, 2023 में चुनाव प्रस्तावित हैं। इसलिए भाजपा ने इन सीटों को जीतने के लिए अपनी तैयारी में जुटी हुई है। भाजपा के द्वारा विधान परिषद चुनाव की पांचों सीटों पर जीत पाने के लिए सीटवार माइक्रो प्लान तैयार किया जा रहा है। पार्टी प्रदेश स्तर से निर्वाचन क्षेत्र तक में चुनाव संयोजक बनाए जा चुके हैं। सभी क्षेत्रों की संयुक्त बैठक पार्टी मुख्यालय में पिछले दिनों हो चुकी है, जिसमें यह जोर दिया गया कि सबसे पहले अपने क्षेत्र के सभी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए।

भाजपा ने तैयार की यह रणनीति
एक-एक मतदाता से कार्यकर्ता संपर्क करें। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने सभी पांचों सीटें जीतने का लक्ष्य दिया है। तय किया गया है कि हर सीट के लिए स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर रणनीति बनाई जाएगी। इसके लिए अलग क्षेत्रों की अलग-अलग बैठकें होंगी। बैठकों की शुरुआत मंगलवार यानी आज से की जा रही है, जिनमें प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी भाग लेंगे। कानपुर में शिक्षक और स्नातक की दो सीटें हैं। इनकी संयुक्त बैठक पहले दिन ही होने जा रही है। इसी दिन बरेली-मुरादाबाद विधान परिषद क्षेत्र की सीट के लिए मुरादाबाद मंडल की बैठक होगी और बुधवार को बरेली मंडल के लिए बैठक होगी।

लोगों के साथ संपर्क और संवाद बढ़ाना भाजपा का लक्ष्य
गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक क्षेत्र के लिए दो दिन तय हैं। गुरुवार को अयोध्या मंडल और शुक्रवार को गोरखपुर मंडल की रणनीति पर चर्चा होगी। वहीं, इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र बड़ा है। इसमें तीन मंडल शामिल हैं। इनमें प्रयागराज मंडल की 28, बांदा की 29 और झांसी मंडल की बैठक 30 सितंबर को प्रस्तावित की गई है। अभी भाजपा का सेवा पखवाड़ा चल रहा है। उसके जरिए नगर निकाय चुनाव की तैयारी चल रही है। बूथ स्तर की तमाम गतिविधियां चलाई जा रही हैं। इसके अलावा प्रबुद्धजन सम्मेलन आदि का उद्देश्य शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव के लिए संपर्क और संवाद को बढ़ाना भी है, इस के लिए भाजपा पूरी तैयारी कर रही है। 

Content Editor

Pooja Gill