UP Election Result 2022: भगवा रंग में रंगी कान्हा की नगरी, पांचों विधानसभा सीटों पर खिला कमल

punjabkesari.in Thursday, Mar 10, 2022 - 07:14 PM (IST)

मथुरा: कान्हा की नगरी पूरी तरह भगवा रंग में रंग गई है। मथुरा जनपद की पांचों विधान सभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। 2017 में हुए विधान सभा चुनावों में भाजपा के खाते में 5 में से 4 सीटें आई थीं। इस बार भाजपा ने विपक्ष के खाते में एक भी सीट नहीं जाने दी है। इस बीच मांट विधान सभा सीट पर राजेश चौधरी की जीत कई मायनों में खास रही। 8 बार विधायक रहे श्याम सुंदर शर्मा को उन्होंने हराया। मांट विधान सभा सीट पर भाजपा को पहली बार जीत हासिल हुई है। गोवर्धन विधान सभा सीट से ठा.मेघश्याम, छाता से चौधरी लक्ष्मीनरायण, बल्देव से पूरन प्रकाश तथा मथुरा शहर सीट से पं.श्रीकांत शर्मा ने जीत हासिल की है।

मथुरा जनपद की पांचों विधान सभा सीटों पर कुल 1188197 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया था। जिसमें छाता विधानसभा क्षेत्र में 189, मांट क्षेत्र में 302, गोवर्धन में 208, मथुरा में 118 व बलदेव के 287 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ था। जिले में पांचों विधानसभा सीटों पर 63.45 फीसदी हुआ था। 64.89 पुरुष और 61.80 फीसद महिलाओं ने मतदान किया था। छाता विस क्षेत्र में 29, मांट विस क्षेत्र में 32, गोवर्धन विस क्षेत्र में 28, मथुरा विस क्षेत्र में 35, बलदेव विस क्षेत्र में 33 राउंड मतगणना के हुए। इस बार विधान सभा चुनाव 2017 की तुलना में जनपद की पांचों विधानसभाओं के लिए पड़े वोटों का प्रतिशत 1.52 प्रतिशत कम रहा था। मथुरा की पांचों विधानसभा सीटों पर 55 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

विधान सभा चुनाव में प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के अलावा निर्दलीय भी ताल ठोंक रहे हैं। मथुरा विधानसभा सीट से 15, छाता विधानसभा सीट पर 11, बलदेव में 6, मांट में 9 तो गोवर्धन में 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में भाग्य आजमाया है। 55 प्रत्याशियों में से 12 प्रत्याशी इस बार निर्दलीय हैं जबकि 43 किसी न किसी राजनीतिक दल से जुड़े हुए हैं। विधानसभा छाता में 64.55, विधानसभा मांट में 65.10, विधानसभा गोवर्धन में 66.75, विधानसभा मथुरा में 57.33 तथा विधानसभा बल्देव में 62.66 प्रतिशत वोटिंग हुई है। इस बार कुल पांचों विधानसभाओं का मतदान प्रतिशत 62.90 रहा था। हालांकि कई सीटों पर जोरदार टक्कर रही। मांट और बल्देव विधानसभा सीट पर कड़ी टक्कर देखने को मिली। मांट सीट पर बसपा प्रत्याशी और बल्देव सीट पर रालोद सपा गठबंधन प्रत्याशी ने भाजपा प्रत्याशियों को कड़ी टक्कर दी।

Content Writer

Mamta Yadav