यूपीः बेखौफ बदमाशों ने BJP नेता को सिर में मारी गोली, हालत गंभीर

punjabkesari.in Friday, Mar 26, 2021 - 08:14 AM (IST)

मैनपुरीः उत्तर प्रदेश में अपराध व अपराधियों को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार सख्त है। इसके बावजूद बेखौफ बदमाशों को न तो पुलिस का भय है न ही सख्त कानून का लिहाजा वे किसी भी वारदात को आसानी से अंजाम दे देते हैं। ताजा मामला मैनपुरी का है जहां बदमाशों ने दुकान बंद कर घर जा रहे भारतीय जनता पार्टी नेता को गोली मारकर घायल कर दिया गया।

बता दें कि मामला कोतवाली क्षेत्र के भांवत चौराहे के पास का है। जहां दुकान बंद कर घर जा रहे भाजपा नेता को गोली मारकर घायल कर दिया गया। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर दौड़ पड़े। घायल को जिला अस्पताल लाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। खबर पाकर बड़ी संख्या में समर्थक जिला अस्पताल पहुंच गए। हालत गंभीर होने पर भाजपा नेता को आगरा रेफर किया गया है।

आगे बता दें कि बदनपुर गांव के 40 वर्षीय शक्ति सिंह बैस भाजयुमो जिला कार्य समिति में सदस्य हैं। वह भांवत चौराहे के निकट प्लाईवुड की दुकान करते हैं। गुरुवार को दुकान बंद कर वह घर वापस जा रहे थे। वह जैसे ही गांव के निकट मोड़ पर पहुंचे तभी पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली शक्ति सिंह के सिर में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस मामले में सीओ भोगांव अमर बहादुर सिंह का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। किशनी पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की। अभी घटना की कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

 

Content Writer

Moulshree Tripathi