UP: स्वतंत्रता सेनानी सुरेंद्र गर्ग का 98 साल में निधन, परिजनों ने AIIMS को दान की उनकी देह

punjabkesari.in Sunday, Nov 27, 2022 - 09:47 PM (IST)

सहारनपुर: अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ऐतिहासिक नमक सत्याग्रह में शरीक हुए सहारनपुर के स्वतंत्रता सेनानी सुरेंद्र गर्ग (98) का कल देर रात गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम स्थित आवास पर हृदय गति रुकने से निधन हो गया।

स्वतंत्रता सेनानी गर्ग के परिजनों ने उनके निधन की सूचना दी। परिजनों ने आज उनके पार्थिव शरीर को उनकी इच्छानुसार अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) नई दिल्ली को सौंप दिया। इससे पूर्व जिला प्रशासन गाजियाबाद की ओर से उनके पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। सैकडों की संख्या में गणमान्य लोगों ने स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्वतंत्रता सेनानी गर्ग के निकट संबंधी देवबंद निवासी अजय गोयल ने रविवार को यहां बताया कि गाजियाबाद के एडिशन सिटी मजिस्ट्रेट निखिल चक्रवर्ती, सीओ साहिबाबाद पूनम मिश्रा, एसएचओ इंदिरापुरम बीएस पुंडीर के नेतृत्व में पुलिस की टुकडी ने उन्हें गार्ड आफ आनर दिया। गोयल ने बताया कि 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में दिवंगत सुरेंद्र गर्ग को तीन महीने की जेल भी हुई थी।

Content Writer

Mamta Yadav