UP: जुए को लेकर हुए विवाद में दोस्तों ने की युवक की गोली मारकर हत्या

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2020 - 12:55 PM (IST)

नोएडा: थाना बिसरख क्षेत्र के हिंडन नदी के पुस्ते के पास शनिवार देर रात एक युवक की उसके दोस्तों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार हिंडन पुस्ता के जंगल में सारे लोग बैठकर जुआ खेल रहे थे। जुए के दौरान ही आपस में इनका विवाद हुआ। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) हरिश्चंदर ने बताया कि रविवार सुबह थाना बिसरख पुलिस को सूचना मिली कि हिंडन नदी के पुस्ता के पास एक अज्ञात युवक का शव पड़ा है। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

डीसीपी ने बताया कि मृतक की पहचान सूबे यादव (32 वर्ष) पुत्र सुखपाल निवासी गांव सर्फाबाद के रूप में हुई है। मृतक के भाई मूलचंद ने गांव के ही विजय व उसके चार साथियों के ऊपर हत्या का शक जाहिर किया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि ये सभी लोग हिंडन पुस्ता पर बैठकर रविवार रात दो बजे के करीब जुआ खेल रहे थे। जुआ खेलते समय ही इनका आपस में विवाद हुआ और विजय ने सूबे यादव की पीठ में गोली मारी।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार अगर घटना के समय ही पुलिस को सूचना मिल जाती तथा उसे समय से अस्पताल में भर्ती कराया गया होता तो मृतक की जान बच सकती थी। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि इन लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को देर से क्यों दी। बताया जाता है कि विजय की सूबे यादव से पुरानी रंजिश थी। इनका पहले भी विवाद हो चुका है।

Edited By

Umakant yadav