सपा MLA गर्ग बोले- यूपी सरकार ने दिया शराब पीने से 47 मृतकों के आश्रितों को मुआवजा देने का आश्वासन

punjabkesari.in Friday, Aug 20, 2021 - 05:26 PM (IST)

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में फरवरी-2019 में जहरीली शराब पीने से जिन 47 लोगों के आश्रितों को आर्थिक सहायता नहीं मिली थी, उन्हें राज्य सरकार ने 2-2 लाख रूपए का मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। सहारनपुर महानगर से समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक संजय गर्ग ने आज यहां संवाददाताओं को बताया कि विधानसभा के मानसून सत्र में उनके द्वारा इस संबंध में उठाए गए प्रश्न के जवाब में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार इस मामले पर पुनर्विचार कर सभी को जिन मृतकों के आश्रितों को मुआवजा नहीं मिला उन्हें दिलाने का काम करेगी।      

उन्होंने बताया कि फरवरी 2019 में सरकारी रिकार्ड के मुताबिक जहरीली शराब पीने से 83 लोगों की मौत हो गई थी। राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 13 फरवरी-2019 को 47 मृतक आश्रितों को 2-2 लाख रूपए और उपचाराधीन 10 लोगों के परिजनों को 50-50 हजार रूपए की धनराशि प्रदान की थी। कुल 77 लाख रूपए की राशि पीड़ितों को दी गई थी।      

गर्ग ने बताया कि जिन मृतकों को उस दौरान मुआवजा नहीं मिल पाया था। तत्कालिन जिलाधिकारी आलोक पांडे ने छह मार्च को मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव शशि प्रकाश गोयल को इस सबंध सूचना भेजी थी। उन्होंने कहा कि जिन 47 मृतकों के परिजनों को मुआवजा अभी तक नहीं दी गई है। वे सभी अनुसूचित जाति के गरीब लोग हैं। इस मामले में जो विलंब हुआ है उसके लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है।      

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने समय रहते सारी औपचारिकताएं पुरी कर दी थी। तत्कालीन जिलाधिकारी ने अपने पत्र में शासन को अवगत कराया था कि जिन 47 मृतकों के आश्रितों को मुआवजे से वंचित रखा गया है उनमें दो मृतकों रामनरेश निवासी प्रतापगढ़ और प्यारेलाल पुत्र मुन्नीलाल निवासी प्रयागराज के पते सत्यापित नहीं हो पाए थे। ऐसी सूरत में 47 मृतक आश्रितों को दो-दो लाख रूपए का मुआवजा राशि प्रदान की जानी चाहिए। संजय गर्ग ने कहा कि वह राज्य सरकार के आश्वासन पर भरोसा करते हैं कि राज्य सरकार शीघ्र ही 47 मृतक आश्रितों को मुआवजा राशि देने का काम करेगी।

Content Writer

Umakant yadav