यूपी सरकार ‘आप’ की जन अधिकार पदयात्रा रोकने की तैयारी में, कार्यकर्ता देंगे गिरफ्तारी: महेंद्र सिंह

punjabkesari.in Friday, Aug 17, 2018 - 11:10 AM (IST)

लखनऊ: आम आदमी पार्टी की दूसरे चरण की होने वाली जन अधिकार पदयात्रा को योगी सरकार ने अनुमति देने से मना किया है जिससे पार्टी के कार्यकर्ता नाराज हैं। इस पर पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पदयात्रा को अनुमति न देना मुख्यमंत्री योगी की तानाशाही है और उनका यह कृत्य संविधान के खिलाफ है।

कुछ दिन पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल को भीम आर्मी चंद्रशेखर से मुख्यमंत्री योगी के इशारे पर प्रशासन ने मिलने की अनुमति नहीं दी, इस पर कार्यकर्ता शांत रहे लेकिन जन अधिकार पदयात्रा प्रदेश के लाखों लोगों से जुड़े मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने एवं उनके निवारण के लिए की जा रही है इसलिए किसी भी कीमत पर यात्रा नहीं रुकेगी।

कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश की जनता के हितों की रक्षा के लिए कोई भी कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं। 28 अगस्त से दूसरे चरण की होने वाली पदयात्रा अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू की जाएगी, यदि योगी सरकार यात्रा करने के लिए अड़चन डालती है तो प्रदेश प्रभारी, राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता गिरफ्तारी देने के लिए तैयार हैं।

Anil Kapoor