मोदी सरकार की तर्ज पर काम कर रही यूपी सरकार: योगी

punjabkesari.in Wednesday, Sep 20, 2017 - 09:16 AM (IST)

आगरा/मथुरा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगला चंद्रभान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। योगी ने कहा कि यूपी सरकार ठीक वैसे ही काम करना चाहती है, जैसे केंद्र की सरकार पिछले 3 साल से कर रही है। देश के अंदर अंत्योदय यानी समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति की आवाज बनकर यूपी सरकार उभरेगी। ब्रज क्षेत्र देश और दुनिया में सनातन और हिन्दू धर्माबलम्बियों का प्रमुख स्थान, ब्रज में पशु-पक्षी के विचरण को भी पुण्य माना गया है। ब्रज के लोग पुण्य के साथ हैं। योगी सरकार को 6 महीने पूरे होने के बाद बांके बिहारी का आशीर्वाद मिला।

योगी ने कहा कि ब्रज के विकास के साथ जनभावनाओं का सम्मान हो। ब्रज के सभी क्षेत्रों का आध्यात्मिक विकास हो, ब्रज क्षेत्र में काम करना पुण्य के समान है और पूर्व जन्मों का फल है। वैसे तो उद्बोधन के दौरान योगी ने किसी भी पार्टी पर हमला नहीं बोला और सरकार की योजना का प्रचार-प्रसार दीनदयाल धाम के मंच से करते रहे लेकिन इस दौरान योगी ने देश के गांधी परिवार पर सांकेतिक हमला बोला और कहा कि प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती है।

आजादी के बाद जिन लोगों को दम्भ था कि उनके बाद यह देश नहीं चलेगा वे कहां चले गए, लेकिन मोदी के नेतृत्व में देश काम कर रहा है। उज्ज्वला योजना पर काम हो रहा है, 86 लाख किसानों के फसली ऋण माफ  करने का काम हो रहा है। मोदी की सरकार गांव, गरीब, किसान, नौजवान और माता-बहनों के लिए समर्पित है, जोकि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की आवाज है।

यूपी और देश में अद्भुत काम हो रहा है। 2022 तक गरीब लोगों को आवास देने पर काम तेजी से शुरू हो गया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रत्येक गांव में शौचालय बनवाए गए। प्रधानमंत्री का संकल्प रंग लाता नजर आ रहा है, प्रधानमंत्री की योजना के तहत 18000 गांवों में बिजली पहुंचाने का काम तेजी से हो रहा है। 16 लाख परिवारों को बिजली का कनैक्शन उपलब्ध कराया गया है।