यूपी: बढ़ गया टोल टैक्स, NHI ने लागू की बढ़ी हुई नई दरें

punjabkesari.in Monday, Apr 02, 2018 - 07:37 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सभी टोल प्लाजा पर शनिवार रात 12 बजे से बढ़ी दरों से टोल टैक्स वसूला जा रहा है। लोगों की जानकारी के लिए टोल टैक्स के बढ़े शुल्क का चार्ट भी लगाया गया है। लखनऊ-फैजाबाद, लखनऊ-सीतापुर, लखनऊ-कानपुर नैशनल हाईवे सहित कई राज्यमार्गों पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एन.एच.आई.) द्वारा नई दरें लागू कर दी गई हैं।

बढ़ी हुई नई दरें:- 
- नई दरों में कार, जीप, वैन व हल्के वाहन से एक तरफ की यात्रा पर 5 रुपए और उसी दिन आने-जाने की यात्रा पर 10 रुपए अधिक शुल्क लिया जाएगा।
- वाहनों के मासिक पास में 115 रुपए की बढ़ौतरी की गई है। हल्के व्यापारिक वाहन व मिनी बस के 1 से 2 बार की यात्रा पर 5 रुपए जबकि मासिक पास पर 190 रुपए बढ़ाए गए हैं।
- 2 एक्सल वाहन के 1 बार के लिए 10 और उसी दिन दूसरी बार निकलने पर 20 रुपए तथा मासिक पास पर 405 रुपए बढ़ाए गए हैं।
- व्यापारिक वाहन 3 एक्सल पर 1 बार का 15 और दूसरी बार निकलने पर 20 रुपए व मासिक पास पर 435 रुपए बढ़ाए गए हैं।
- 4 से 6 एक्सल वाहनों पर 1 बार का 20 रुपए उसी दिन दूसरी बार के लिए 30 रुपए और मासिक पास पर 630 रुपए बढ़ाए गए हैं।
- 7 एक्सल से अधिक भारी वाहनों के लिए एक बार के लिए वही शुल्क और उसी दिन दोनों तरफ की यात्रा के लिए 35 रुपए और मासिक पास में 765 रुपए बढ़ाए गए हैं।
- क्षेत्रीय घरेलू वाहन जो टोल प्लाजा से 20 किमी तक के मासिक पास में 20 रुपए की बढ़ौतरी हुई है।

Punjab Kesari