UP: प्यार किसी से मंगनी किसी से...प्रेमी ने दोस्तों संग मिलकर मंगेतर पर फेंका तेजाब, 5 आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, Feb 09, 2023 - 12:25 AM (IST)

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में प्रेमिका की मंगनी किसी और से हो जाने पर प्रेमी ने खौफनाक घटना को अंजाम दिया। उसने दोस्तों के साथ मिलकर प्रेमिका के मंगेतर पर दो दिन पहले तेजाब डाल कर जान लेवा हमला कर दिया। वहीं इस मामले के 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों में से एक आरोपी की महिला मित्र के साथ पीड़ित युवक की शादी तय हुई थी।

देवबंद पुलिस ने बुधवार को कहा कि गिरफ्तार व्यक्तियों के पास से एक मोटरसाइकिल और अपराध में उपयोग तेजाब की बोतल भी बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सोमवार को इन आरोपियों ने टैक्सी चालक शुभम को कार किराये पर लेकर मुजफ्फरनगर-देवबंद सीमा पर स्थित एक बस अड्डे पर बुलाया था और उस पर तेजाब फेंक दिया था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शुभम को इलाज के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर पुलिस ने मंगलवार की रात इन आरोपियों को पकड़ा।

उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी मुजफ्फरनगर के उदय उर्फ भोला का पिछले छह महीने से एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था जिसके साथ शुभम की शादी तय हुई है। हाल ही में लड़की के साथ शुभम की सगाई हुई और उदय ने अपने 6 दोस्तों के साथ इस घटना का षड़यंत्र रचा। उन्होंने बताया कि जहां मुख्य आरोपी उदय समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, दो अन्य की तलाश की जा रही है।

Content Writer

Mamta Yadav