UP: निवर्तमान महिला ग्राम प्रधान के पति को बदमाशों ने गोलियों से भूना, चाचा की हत्या के थे चश्मदीद गवाह

punjabkesari.in Tuesday, Jan 19, 2021 - 12:40 PM (IST)

आजमगढ़: जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात अमौड़ा गांव की निवर्तमान महिला प्रधान के पति की कुछ बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। कुछ साल पहले उनके चाचा की भी हत्या कर दी गई थी, जिसमें मनीष चश्मदीद गवाह थे। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस दलों का गठन भी किया गया है। 

पुलिस ने बताया कि गंभीरपुर थाना क्षेत्र के अमौड़ा गांव की निर्वतमान प्रधान अर्चना राय के पति मनीष राय सोमवार रात एक ईट-भठ्ठे पर बैठे थे। करीब नौ बजे वह भठ्ठे से जाने के लिए जैसे ही खड़े हुए, तभी मोटरसाइकिल सवार अज्ञात बदमाशों ने उन पर गोली चला दी और फरार हो गये। उन्होंने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनते ही आस-पास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। उन्हें लालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने इलाज के लिये उन्हें वाराणसी ले जाने को कहा, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी।

पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि प्रधान के पति की हत्या से स्थानीय लोग और परिजन आक्रोशित हैं। उन्होंने शव भी पुलिस को देने से मना कर दिया था। आखिरकार देर रात करीब एक बजे किसी तरह से आला अधिकारियों ने शव को अपने कब्जे में लिया।

Umakant yadav