यूपी नगर निकाय चुनाव का परिणाम आज, नतीजे तय करेंगे शहरी क्षेत्रों में राजनीतिक दलों की पकड़

punjabkesari.in Saturday, May 13, 2023 - 11:52 AM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के लिए हुए मतदान की आज मतगणना हो रही है। आज मतदाताओं की कसौटी पर हुई राजनीतिक दलों की परीक्षा का नतीजा आने वाला है। सभी राजनीतिक पार्टियों की धड़कने बड़ी हुई है। आज पता चलेगा कि कौन इस परीक्षा में पास होगा, किन शहरों में किन सियासी दलों की पकड़ है। यह चुनाव परिणाम न सिर्फ शहरी सत्ता में राजनीतिक दलों की भागीदारी तय करेगा बल्कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव का भी माहौल बनाएंगा।



बता दें कि, प्रदेश में 17 नगर निगम, 199 नगर पालिका परिषद और 544 नगर पंचायतों सहित 760 नगरीय निकाय चुनावों में दो चरणों में मतदान हुए थे। इनमें भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस जैसे बड़े दलों के साथ अपना दल (एस), रालोद, एआईएमआईएम, निषाद पार्टी सहित तमाम दलों ने भी किस्मत आजमाई है। इन सभी दलों ने मतदाताओं की कसौटी पर खरे उतरने के लिए अपनी परीक्षा दी थी, जिसका आज परिणाम आने वाला है। सभी राजनीतिक दलों को इस परिणाम का इंतजार है। सभी इस नतीजों को लेकर चिता में है। वहीं, भाजपा छह नगर निगम को लेकर चिंतित दिखाई दे रही है।



नतीजे बताएंगे शहरों में राजनीतिक दलों की पकड़
भारतीय जनता पार्टी समेत अन्य राजनीतिक दलों ने निकाय चुनाव को लोकसभा चुनाव का पूर्वाभ्यास माना है। चुनाव में छोटे कस्बों से लेकर महानगरों के तक मतदाताओं ने मतदान किया है। करीब 110 नगर पंचायतें नई होने के कारण वहां की आबादी अभी भी ग्रामीण परिवेश से बाहर नहीं है। लिहाजा कुछ हद तक चुनाव के नतीजे ग्रामीणों का रुझान भी बताएंगे। चुनाव के नतीजे बताएंगे कि शहरी जनता सत्तारूढ़ दल की केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, दावों और वादों से संतुष्ट है या विपक्ष सत्तारूढ़ दल पर लगाए आरोपों को जनता की अदालत में साबित करने में सफल रहा है। नतीजे बताएंगे कि शहरी क्षेत्रों में किस राजनीतिक दल की कितनी पकड़ है।

Content Editor

Pooja Gill