UP News: IPS अनंत देव तिवारी को पुलिस की जांच में मिली क्लीनचिट, बिकरू कांड में हुए थे निलंबित

punjabkesari.in Friday, Jun 02, 2023 - 12:06 PM (IST)

UP News: उत्तर प्रदेश में बिकरू कांड के कारण निलंबित हुए IPS अनंत देव तिवारी को पुलिस की जांच में क्लीनचिट मिल गई है। विभागीय जांच अधिकारी ने थानों के आकस्मिक निरीक्षण के मामले में उनकी कमी पाई थी, लेकिन इसके बावजूद भी उन्हें क्लीनचिट दे दी गई है। बता दें कि, बिकरु कांड से पहले वह कानपुर के कप्तान रहे थे। SIT जांच रिपोर्ट के बाद 12 नवंबर 2020 को निलंबित किया गया था। निलंबन के साथ ही IPS नीलाब्जा चौधरी को यह जांच सौपी गई थी। जिसमें अब उन्हें क्लीन चिट मिल गई है।



जाने क्या है बिकरू कांड  
कानपुर के बिकरू गांव में दो जुलाई 2020 की रात पुलिस गैंगस्टर विकास दुबे को पकड़ने के लिए दबिश देने पहुंची थी। विकास व उसके गुर्गों ने दबिश टीम पर हमला कर सीओ बिल्हौर व एसओ शिवराजपुर समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। बाद में पुलिस की कार्रवाई में विकास समेत छह बदमाश एनकाउंटर में मारे गए थे। 44 आरोपित जेल में बंद हैं।



12 नवंबर 2020 को निलंबित हुए थे अनंत देव  
बिकरू कांड में डिप्टी एसपी समेत आठ पुलिस वालों की शहादत के बाद शासन ने जांच के लिए SIT गठित की थी। एसआईटी की जांच में 50 से ज्यादा पुलिस अधिकारी व कर्मी फंसे थे। एसआईटी की रिपोर्ट पर सरकार ने 12 नवंबर 2020 को अनंत देव को निलंबित कर दिया था। करीब दो साल के निलंबन के बाद उन्हें दो अक्टूबर 2022 को बहाल किया गया था। लेकिन उनके खिलाफ विभागीय जांच जारी थी। इसी मामले में अब उन्हें राहत मिल रही दिखाई दे रही है।



दिसंबर 2023 में रिटायर होंगे अनंत देव तिवारी
फतेहपुर के रहने वाले अनंत देव तिवारी ने अपना पुलिस करियर 1987 बैच के प्रदेश पुलिस सर्विस (PPS) अधिकारी के तौर पर शुरू किया था। साल 2006 में वे पीपीएस से प्रमोशन पाकर इंडियन पुलिस सर्विस (IPS) अफसर बने थे। वर्तमान में IPS अनंत देव तिवारी DIG STF है। वह अब दिसंबर 2023 में रिटायर होंगे।

Content Editor

Pooja Gill