UP News: BSP अध्यक्ष आर्मस्ट्रांग की हत्या की मायावती ने की निंदा, कहा- ''दोषियों को गिरफ्तार कर सजा दे तमिलनाडु सरकार''

punjabkesari.in Saturday, Jul 06, 2024 - 12:27 PM (IST)

(अश्वनी कुमार सिंह)UP News: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने अपनी पार्टी की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के आर्मस्ट्रांग की शुक्रवार को चेन्नई में हत्या की तीव्र निन्दा की और राज्य सरकार से दोषियों को गिरफ्तार कर उन्हें सजा दिलाने की मांग की।

 

मिली जानकारी के मुताबिक, मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में कहा कि तमिलनाडु राज्य बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के अध्यक्ष श्री के. आर्मस्ट्रांग की उनके चेन्नई स्थित घर के बाहर नृशंस हत्या अत्यंत निंदनीय है। पेशे से वकील आर्मस्ट्रांग राज्य में एक मजबूत दलित आवाज के रूप में जाने जाते थे। राज्य सरकार को दोषियों को सजा देनी चाहिए। तमिलनाडु बसपा प्रमुख की शुक्रवार को उनके निवास के पास कुछ व्यक्तियों ने हत्या कर दी। तमिलनाडु पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बसपा नेता आर्मस्ट्रांग की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. आर्मस्ट्रांग की शुक्रवार को उनके घर के पास 6 लोगों के एक समूह ने हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। दोपहिया वाहन पर हमलावरों ने चेन्नई नगर निगम के पूर्व पार्षद आर्मस्ट्रांग पर पेरम्बूर में उनके घर के पास हमला किया और भाग गए। हमले में बसपा नेता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि अस्पताल ले जाते समय आर्मस्ट्रांग की मौत हो गई। पुलिस ने संदिग्धों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

static